भूना रोड गांव बीसला के पास रविवार सुबह दो कारों में सीधी भिड़ंत हो गई । हादसे में दोनों कारों में बैठे आठ लोग घायल हो गए। घायलों में हरियाणा पुलिस का एक सिपाही भी है। पुलिस ने सभी घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां से तीन घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रविवार सुबह करनाल निवासी कृष्ण अपने दो साथियों जींद के गांव खरल निवासी जोगिंद्र और कैथल निवासी पुलिसकर्मी सतीश के साथ पंजाब के अबोहर जा रहे थे। भूना रोड पर गांव बीसला के पास उनकी कार के सामने सिरसा की तरफ से आ रही कार टकरा गई। इस कार में सिरसा के गांव तलवाड़ा निवासी बृजलाल, गांव नंदगढ़ निवासी संदीप और पूजा, भोड़िया निवासी सोनू, नंदगढ़ निवासी नहराणा के रूप में हुई है। घायल कृष्ण ने बताया कि अपने भाई देवेंद्र और भतीजा सतीश के साथ अबोहर जा रहे थे। यहां पर उनका भाई फौज से सेवानिवृत्त हो रहा है, उसे लेने के लिए जा रहे थे। जब भूना रोड पर गांव बीसला के पास पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। सामने से आ रही कार के चालक ने ओवरटेक का प्रयास किया, इसी दौरान हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां से तीन घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।