जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर काफी हद तक ब्रेक लगा है। शनिवार को जारी स्वास्थ्य विभाग की बुलेटिन के मुताबिक बीते चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 34 नए मामले सामने आए हैं जबकि दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में गांव धांगड़ का एक 35 वर्षीय युवक भी शामिल है। इसके अलावा गांव बुआण के 76 वर्षीय बुजुर्ग की भी कोरोना से मौत हुई है जबकि संक्रमण की दर 2.33 प्रतिशत रही है।
राहत की बात ये है कि प्रतिदिन मिल रहे नए केसों में काफी कमी आई है। अप्रैल के अंत व मई के प्रथम सप्ताह में रोजाना 300 से 400 केस सामने आ रहे थे। वहीं उन दिनों रोजाना 15 से 20 लोगों की मौत भी हो रही थी। अब मौत के आंकड़े के साथ साथ नए संक्रमितों की भी संख्या में काफी गिरावट हुई है। शनिवार को चार मरीजों को अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा है। राहत की बात ये है कि जिले भर में शनिवार को 67 मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया। अब फिलहाल सभी अस्पतालों में कोरोना के कुल 60 मरीज उपचाराधीन हैं।
रोजाना लिए जा रहे 1500 सैंपल
कोरोना की जांच के लिए जिले में रोजाना एक से डेढ़ हजार सैंपल लिए जा रहे हैं। शनिवार की रिपोर्ट के मुताबिक बीते चौबीस घंटे में 1282 सैंपल लिए गए थे। इनमें से 34 लोगों में पुष्टि हुई है, जिनमें फतेहाबाद से 3, टोहाना शहर शून्य, रतिया शहर में एक, रतिया ग्रामीण क्षेत्र में 10, भट्टूकलां में 6, बड़ोपल में 6, भूना में 3 व जाखल में 5 केस मिले। करीब 614 सैंपल ऐसे लिए गए हैं, जिनकी अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
कोरोना संक्रमण दर 2.33 रही
जिले में ताजा रिपोर्ट के मुताबिक यह आंकड़ा लगातार कम हो रहा है।
अब तक की स्थिति
कुल सैंपल लिए: 2 लाख 13 हजार
संक्रमित मिले : 17537
होम आइसोलेट: 107
ठीक होकर लौटे: 16835
कोरोना से मृत्यु: 456
जिले में हालात सामान्य हो रहे हैं और नए संक्रमित केस काफी कम हो रहे हैं। यह हम सबके लिए राहत की बात है। हमें महामारी को नियंत्रण में रखने के लिए कोविड नियमों का पालन करना होगा। मास्क लगाने व सामाजिक दूरी बनाए रखने के मामले में कोताही न बरतें।
-डॉ. विष्णु मित्तल, महामारी नियंत्रण अधिकारी।