उपभोक्ता संरक्षण आयोग के स्टाफ सदस्य हस्ताक्षर करवाने की कार्रवाई करते हुए संवाद
बनगांव। उपभोक्ता संरक्षण आयोग के स्टाफ ने मंगलवार को मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए एक बीमार उपभोक्ता की परेशानी को समझते हुए कोर्ट की प्रक्रिया उसके पास पहुंचकर पूरी की। खारा खेड़ी निवासी सुभाष ने फसल बीमा का लाभ नहीं मिलने पर आयोग में केस दायर किया था। सुनवाई के बाद आयोग ने संबंधित बीमा कंपनी को बीमा राशि का भुगतान करने के आदेश दिए थे।
कंपनी द्वारा राशि आयोग में जमा करवाने के बाद सुभाष भुगतान लेने पहुंचा लेकिन बीमारी के कारण वह चलने में असमर्थ था। परिजन उसके लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था कर रहे थे। जब कोर्ट स्टाफ को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इंतजार करने के बजाय अपना रिकॉर्ड लेकर गाड़ी के पास पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करवाईं। सुभाष के हस्ताक्षर करवाने के बाद उसे क्लेम राशि का भुगतान कर दिया गया। इस दौरान राकेश कुमार, एडवोकेट महेंद्र धारनिया, संजय, दर्पण वधवा, मुकेश सहित अधिवक्ता और कोर्ट स्टाफ मौजूद रहे।