भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को भूना रोड स्थित जिला भाजपा कार्यालय में में संपन्न हुई। बैठक के मुख्यातिथि हरियाणा के सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल रहे जबकि बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा ने की। इस बैठक में सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुनीता दुग्गल, प्रदेश महामंत्री पवन सैनी, फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, रतिया विधायक लक्ष्मण नापा, प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधायक रविंद्र बलियाला, भाजपा जिला प्रभारी जगदीश चोपड़ा विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
हरियाणा के सहकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने जिला भाजपा कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं ओजस्वी नेतृत्व में तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ऊर्जावान नेतृत्व में जन कल्याणकारी नीतियां भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, असमान विकास व धांधलेबाजी से देश व प्रदेश मुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजन बेडों की एवं वेंटिलेटर बेड की व्यवस्था करना व अस्थाई तौर पर सुरक्षित स्थानों का चयन कर कोरोना सेंटर बनाना एक सराहनीय कार्य किया गया है। कोविड मरीजों के लिए होम आइसोलेशन किट जिसमें ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, स्टीमर, दवाई व 15 जरूरी उपकरण शामिल है वितरित की गई। इस मौके पर सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि पिछले सात सालों में देश में विकास हित की योजनाओं को लागू किया गया है, उनका वर्णन करने लग जाए तो सुबह से शाम हो जाएगी और जिसमें बहुत समय लगेगा।
सांसद ने कहा कि चाहे देश में कर व्यवस्था लागू करना, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लोगों को 5 लाख रुपये तक का निशुल्क बीमा, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाना, जन धन योजना के तहत 4400 करोड़ लोगों के बैंक खाते खोलना, एक देश एक राशन कार्ड, धारा 370 को हटाना, तीन तलाक से मुक्ति, आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत देश को आर्थिक मोर्च पर आगे बढ़ाना, किसानों के लिए खाद्य, दवाई उचित मात्रा में उपलब्ध करवाना, कृषि कानूनों के माध्यम से देश के किसानों को सशक्त करके उनकी आय को बढ़ाने के कार्य करने आदि अनेक कार्य किए गए है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री पवन सैनी ने सरकार की नीतियों, उपलब्धियों व कोरोना महामारी के दौरान सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों व कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला फतेहाबाद के कार्यकर्ताओं ने कोरोना महामारी के दौरान योद्धा बनकर नागरिकों को टीके लगवाए।
इस बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण मिढ्डा, प्रवीण जोड़ा, वेद जांगड़ा, राजपाल बेनीवाल, वेद फुलां, जिला मीडिया प्रभारी महेश शर्मा सहित सभी जिले के पदाधिकारी, मंडलाध्यक्ष, मोर्चो व प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मौजूद रहे।
देश व प्रदेश में विकास कार्यों की गंगा बहा रही भाजपा सरकार : प्रो. रविंद्र
प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधायक प्रो. रविंद्र बलियाला ने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा विकास कार्यों की गंगा बहाई जा रही है जिन पर करोड़ों रुपये की धनराशि खर्च की जा रही है। राज्य में गुणवत्ता पूर्वक विकास कार्य करवाए जा रहे हैं फिर भी कार्यकर्ता पूरी निगरानी रखे। फतेहाबाद विधायक दुड़ाराम ने कहा कि जिला भाजपा कार्यकर्ता संगठन की मजबूत नींव है। आज उन्हें संकल्प लेना है कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाएंगे। रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा ने कहा कि विपक्षी राजनीतिक दल भ्रामक प्रचार करके भाजपा संगठन और सरकार दोनों को बदनाम करने की कोशिश करते रहते हैं। उनका मुकाबला तथ्य के साथ करे जब हमारा हर कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को मजबूती के साथ लोगों के मध्य रखेगा तो इन लोगों की बोलती बंद हो जाएगी।