टोहाना। नगर परिषद के पार्षदों ने डो-टू-डोर कचरा प्रबंधन में घोटाले के आरोप लगाकर विजिलेंस जांच की मांग की है। इस दौरान पार्षदों ने पूर्व मंत्री एवं विधायक देवेंद्र सिंह बबली से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। बबली ने कहा कि वे स्वयं इसकी विजिलेंस जांच के लिए लिखेंगे। यदि सरकार ने इस मामले की जांच नहीं करवाई तो पूरा टोहाना सड़कों पर आकर प्रदर्शन करने पर मजबूर होगा।
पार्षद अशोक गर्ग, सतीश पुरी, संजय सपड़ा, रामकुमार सैनी, राजेश कुमार, सतीश पुरी व जोनी ने कहा कि डो-टू-डोर कचरा का टेंडर लेकर काम कर रही एजेंसी सरकार के नियमों व शर्तों की अवहेलना कर रही है। टेंडर लेने वाले ठेकेदार द्वारा कम गाड़ियां चलाई जा रही हैं। किसी में जीपीएस सिस्टम नहीं है, तो सेग्रीगेशन मशीन भी नहीं लगाई गई है। कचरे को आग लगाई जा रही है, कचरा प्रबंधन की प्रत्येक शर्त की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हर महीने लाखों रुपये का घोटाला किया जा रहा है, जिसमें अधिकारियों के साथ-साथ बिल अप्रूवल करने वाले लोग भी शामिल हैं। इसलिए इस मामले की विजिलेंस जांच करवानी चाहिए। पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि पार्षदों ने अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों पर डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन में लाखों रुपये की गड़बड़ी के आरोप लगाकर विजिलेंस जांच की मांग की। इसके लिए वे सरकार को लिखेंगे।