फतेहाबाद। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत प्रथम चरण के लाभार्थियों को भूखंड देने के लिए लघु सचिवालय के डीपीसीआरसी हॉल में ड्राॅ कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में ड्रॉ निकाला जाना था। मगर भूखंड की संख्या से कई गुना कम आवेदन आने पर ड्रॉ निकालने की जरूरत ही नहीं पड़ी। 10 हजार रुपये देकर बुकिंग करवाने वाले 195 लाभार्थियों को भूखंड अलॉटमेंट की सूची में शामिल कर लिया गया। अब इन्हें 26 जून को सिरसा में अलॉटमेंट लेटर जारी किया जाएगा।
शहर फतेहाबाद के लाभार्थियों के लिए 1236 भूखंड आरक्षित हैं, लेकिन पहले चरण में सिर्फ 887 लोगों ने ही आवेदन किया। मगर भूखंड पसंद नहीं आने के कारण बाकियों ने किनारा कर लिया जबकि 10 हजार रुपये देकर 197 लोगों ने ही बुकिंग करवाई थी। अब इन्हें भूखंड मिलेगा। हालांकि, भूखंड के लिए एक लाख रुपये राशि देनी होगी। जो किस्तों में दी जा सकेगी। शहरी आवास योजना के इंचार्ज प्रवीन कुमार ने बताया कि सिरसा में लाभार्थियों को अलॉटमेंट लेटर दिया जाएगा। एक माह के अंदर 10 हजार रुपये जमा करवाने होंगे। इसके बाद करीब डेढ़ साल में बाकी राशि जमा करवानी होगी।
नेट बंद होना और छोटा भूखंड बना कम बुकिंग का कारण
हाउसिंग फॉर ऑल विभाग की तरफ से हुडा सेक्टर 9 के पार्ट एक और दो में 30-30 गज के भूखंड आरक्षित किए गए हैं। ये भूखंड जिन लाभार्थियों को अलॉट होगा, उन्हें एक लाख रुपये की राशि जमा करवानी होगी। निर्माण के दौरान सरकार की तरफ से लोन भी मिल सकता है। हालांकि भूखंड का साइज कम होने के कारण लोगों ने इसको लेकर दिलचस्पी नहीं दिखाई। 1.80 लाख से कम आय जिन परिवारों की है उनके लिए ये योजना है। शहर फतेहाबाद की अगर बात की जाए तो यहां पर 20 हजार परिवार ऐसे है जिनकी आय 1.80 लाख से कम है। लेकिन भूखंड का साइज कम होने के चलते लोगों ने आवेदन नहीं किया। 690 आवेदनकर्ताओं ने भूखंड बुकिंग के 10 हजार रुपये जमा नहीं करवाए। दूसरा कारण ये भी माना जा रहा है कि फरवरी माह में किसान आंदोलन के चलते यहां इंटरनेट बंद था। इसके चलते लोग बुकिंग नहीं करवा पाए थे। बुकिंग के लिए ओटीपी की जरूरत थी जो कि मोबाइल पर नहीं आ रहा था।
लिस्ट में नाम देखने के लिए मची अफरा-तफरी
ड्रॉ को लेकर डीपीआरसी हॉल में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान उपायुक्त राहुल नरवाल ने लिंक पर क्लिक करके सूची जारी की। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी, एचएसवीपी के ईओ राजेश खोथ, डीएमसी संजय बिश्नोई, डीटीपी गुंजन वर्मा, ईओ नगर परिषद राजेंद्र सोनी, डीआईओ रमेश शर्मा, हाउसिंग बोर्ड चंडीगढ़ से रूप किशोर, सुषमा मौजूद थे। सूची ऑनलाइन जारी होने के बाद कर्मचारियों ने फोटो कॉपी कार्यालय के बाहर चस्पा की, जिसे देखने के लिए और मोबाइल में फोटो लेने को लेकर अफरा-तफरी मच गई।
अब अलॉटमेंट लेटर लेने सिरसा जाना
मैं स्वामी नगर में रहता हूं। ऑनलाइन आवेदन करके 10 हजार रुपये जमा करवाए। अब पता लगा है कि सूची में नाम आ गया है और सिरसा बुलाया है। अलॉटमेंट लेटर को लेकर फोन करके बुलाया था लेकिन अब सिरसा जाना होगा।
- फूलंचद्र, स्वामी नगर
बनाने का भी फायदा नहीं होगा
हमें जमीन की जरूरत थी, इस लिए आवेदन किया था, भूखंड का साइज अगर बढ़ा दिया जाता तो फायदा होता। भूखंड निकल तो गया है लेकिन छोटा होने के कारण बनाने का भी फायदा नहीं होगा।
- ममता, ठाकर बस्ती
30 गज में कैसे गुजारा करेंगे
मैं मजदूरी करता हूं। सरकार ने अपना घर का सपना तो दिखाया है, अगर ये भूखंड बड़ा होता तो ज्यादा फायदा मिलता। 30 गज में कैसे गुजारा कर सकेंगे।
- नत्थूराम, ठाकर बस्ती
अब हमारा खुद का घर होगा
मुझे खुशी है कि अब हमारा खुद का भूखंड होगा और हम वहां पर घर बना सकेंगे। किस्तों में बाकी राशि जमा करवा कर मकान बनाएंगे।
- मुकेश कुमार, भंबाराम कॉलोनी