इस बार रंगों के त्योहार होली पर कोरोना का साया है। होली से एक दिन पहले भी बाजारों से रौनक गायब है। होलिका दहन पर भी संशय बना हुआ है। बाजारों में रंगों व पिचकारियों की दुकानें जरूर सजी हुई है लेकिन ग्राहक नाममात्र आ रहे हैं। लॉकडाउन के बाद सामान्य हो रहे जनजीवन को देखते हुए दुकानदारों ने रंगों की खरीदारी भी की थी ताकि होली पर अच्छी कमाई की जा सके। मगर एकदम से कोरोना केस बढ़ने के बाद लोगों में भय की स्थिति है। यही कारण है कि चाइनीज या केमिकल युक्त रंग तो क्या पिचकारियां व गुलाल लेने में भी लोगों की दिलचस्पी नहीं है।
दुकानदारों के अनुसार सामान्य माहौल में होली से सप्ताह भर पहले ही रंग व पिचकारी की दुकानों पर खरीदारी शुरू हो जाती थी। बच्चों में पिचकारियां खरीदने का उत्साह होता था। डिजाइनदार पिचकारियों की बच्चे खूब मांग करते थे। मगर इस बार ऐसा कुछ नहीं है।
बिक्री में 60 फीसदी तक की गिरावट
यूं तो शहर में किरयाणा व जनरल स्टोर की अधिकांश दुकानों पर होली पर रंगों व पिचकारियों की स्टालें लगती हैं। सामान्य माहौल में छोटे दुकानदार एक दिन में 500 से एक हजार रुपये की बिक्री कर देते थे। मगर इस बार बिक्री में 60 फीसदी तक की गिरावट आई हुई है। हालात ऐसे हैं कि गारमेंट्स की दुकान चलाने वालों ने भी इस बार रंगों व पिचकारियों की स्टाल लगवाई, लेकिन वहां भी ग्राहक नाममात्र ही दिखे। शहर के दुकानदारों का मानना है कि कोरोना संक्रमण की वजह से पहले की तुलना में बिक्री में 60 फीसदी तक गिरावट आई है। फिर से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है इसलिए लोग खरीदारी नहीं कर रहे।
तीन बसें ही जा रही दिल्ली
होली पर घरों की ओर जाने वाले दूसरे प्रदेशों के लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली रूट पर हाल ही में बसों का परिचालन शुरू किया गया है। फतेहाबाद डिपो की सुबह के समय तीन बसें दिल्ली भेजी जा रही हैं। हालांकि, दिल्ली रूट की ज्यादातर बसें बहादुरगढ़ तक ही जा रही हैं। केवल इन तीन बसों को अलग-अलग रास्तों से दिल्ली भेजा रहा है। हालांकि, राइस मिलों में काम करने वाली लेबर पहले से ही जा चुकी है इसलिए जिले से दिल्ली के रास्ते दूसरे प्रदेशों में जाने वालों की संख्या ज्यादा भी नहीं हैं।
होली पर धारा 144 लागू, 4 से ज्यादा लोग नहीं हो सकेंगे एकत्रित
उधर, फतेहाबाद में जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 लागू कर दी गई है। होली पर चार से ज्यादा लोग एकत्रित नहीं हो सकेंगे। लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई कोरोना संबंधी गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया है। डीसी डॉ.नरहरि सिंह बांगड़ ने धारा 144 लागू करने के आदेश जारी करते हुए पुलिस प्रशासन को भी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
होली एकता छ भाईचारे का प्रतीक है। होलिका दहन का प्रकाश बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। जिला वासी कोरोना महामारी के बीच होली को सावधानी व सजगता के साथ घर रहकर मनाएं, ताकि संक्रमण का फैलाव न हो। -सुनीता दुग्गल, सांसद।
होली की खुशियों के साथ-साथ हमें कोरोना संक्रमण को भी रोकना है इसलिए एहतियात के तौर पर धारा 144 लागू की गई है ताकि एक स्थान पर लोगों का जमावड़ा न लगे। धारा 144 का उल्लंघन करने पर आवश्यक कार्रवाई भी होगी।
डॉ. नरहरि सिंह बांगड़, डीसी, फतेहाबाद।