जवाहर चौक में डी-मार्ट स्टोर के संचालक और उसके परिवार के छह सदस्यों के साथ-साथ नौकर व नौकरानी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अभी तक संपर्क में आए लोगों को तलाश पूरी नहीं हो पाई है। दोपहर तक को संपर्क में आए 90 लोगों की सूची तैयार की है। इसमें डी मार्ट संचालक जो कि पहले पॉजिटिव आया था उसके 58 तथा अन्य सफाई वाली तथा रामनिवास मोहल्ला निवासी नौकर के संपर्क हैं। मंगलवार शाम तक स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव संपर्क के 90 में से 35 लोगों के सैंपल लिए हैं। संपर्क में आने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है।
संपर्क की सूची में सहयोग न करने पर स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को डी मार्ट की डीवीआर पुलिस को सौंप दी है। पुलिस 15 जून से 26 जून तक डी मार्ट पर आने वाले लोगों को सर्च करेगा और बुधवार तक इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को देगा।
स्वास्थ्य विभाग के लिए मुश्किलें इसलिए भी बढ़ गई है क्यों कि डी मार्ट स्टोर पर किरयाणा व अन्य खाद्य पदार्थो की एजेंसी हैं। इसलिए लोगों का काफी आना-जाना रहा है। डी मार्ट स्टोर के संचालक व परिवार के साथ-साथ अशोक नगर निवासी महिला जो कि सफाई करती थी व भी पॉजिटिव पाई गई है। जो कि एक प्राववेट अस्पताल के साथ राजीव गांधी के पास कई घरों में साफ-सफाई का काम करती है।
हलवाई के संपर्क में आए 32 लोगों के सैंपल लिए
गांव दरियापुर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हलवाई के संपर्क में आए 32 लोगों के स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लिए हैं। अभी तक 32 संपर्क स्वास्थ्य विभाग के सामने आए है। अधिकारियों का कहना है कि हलवाई संपर्क में आए लोगों की सही सूची नहीं दे रहा है। इसके चलते परेशानी बढ़ रही है। भट्टू की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ.सुजाता बंसल का कहना है कि विभाग की टीम लोगों से भी अपील कर रही है कि अगर कोई संपर्क में आया है तो अस्पताल में आकर जांच करवाएं।
दो लोग हुए डिस्चार्ज
मंगलवार को हिसार के जिंदल अस्पताल में उपचारधीन टोहाना निवासी व्यक्ति डिस्चार्ज हो गया है। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद छुट्टी मिल गई है। इसके अलावा गांव जाखल के माधोआना निवासी युवक की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिला में अब तक 90 लोग डिस्चार्ज हो गए हैं तथा अब 25 मरीज एक्टिव हैं।
डी मार्ट संचालक के परिवार के लोग संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी नहीं दे रहे हैं। हम ने डीवीआर पुलिस को सौंप दी है। पुलिस 15 से 26 तक यहां तक आने वालों को सर्च करेगी।
- सुशील कुमार, बहुउद्देशीय स्वाथ्यकर्मी
स्वास्थ्य विभाग संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग करेगा। अगर कोई हाई रिस्क संपर्क है या फिर लक्षण हैं तो उसका सैंपल लिया जाएगा।
- डॉ.विष्णु मितल, जिला महामारी अधिकारी