जिला नागरिक अस्पताल के मेल वार्ड में बनाया गया आइसोलेशन वार्ड
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद में दो कोरोना संदिग्ध मरीज और मिले हैं। दोनों को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर उनके सैंपल रोहतक पीजीआई भेज दिए गए। बुधवार देर रात तक या फिर वीरवार सुबह तक सैंपल रिपोर्ट आने की उम्मीद है।
मामले के मुताबिक भूना के एक गांव निवासी ट्रक चालक है। पिछले दिनों वह पंजाब के मोहाली से गांव लौटा है। घर पहुंचने के बाद उसे खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत हुई। पिछले तीन दिन से घर पर उपचार ले रहा था। बुधवार को तबीयत ठीक न होने पर अस्पताल पहुंचा । डॉक्टरों को उसे संदिग्ध मानते हुए सैंपल लेने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया। इसी प्रकार टोहाना के एक गांव निवासी युवक मुंबई से दो माह बाद लौटा है। उसे भी पिछले तीन से खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस संदिग्ध मानते हुए सैंपल लेकर लैब में भेजा है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि दोनों की सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी एहतियात के तहत दोनों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।