जाखल। नववर्ष को हजूर साहिब नांदेड़ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेल मंत्रालय की ओर से फिरोजपुर कैंट से नांदेड़ के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 24, 26, 28 और 30 दिसंबर को चलेगी और यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकट न मिलने की समस्या से निजात दिलाएगी।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04643 और 04644 के रूप में संचालित यह स्पेशल ट्रेन फिरोजपुर कैंट से बठिंडा, जाखल, जींद, रोहतक, शकूरबस्ती, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा, भरतपुर, सवाई माधोपुर, सोगारिया, गुना, बीना, भोपाल और खंडवा सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर नांदेड़ साहिब पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन में 22 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सफर की सुविधा मिल सके। रेलवे ने कहा है कि यह ट्रेन नव वर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधा और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।