फतेहाबाद। नगर परिषद के परिसर में तकनीकी शाखा की ओर से लगभग 14 लाख रुपये की लागत से नया शौचालय निर्माण करवाया जा रहा है, लेकिन इसके स्थान पर विभागों में ही मतभेद गहराने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि विवाद की वजह यह है कि तकनीकी शाखा ने पुराने शौचालय के ठीक सामने नया निर्माण शुरू कर दिया, जबकि सफाई ब्रांच से इसके लिए किसी तरह की रिपोर्ट या सहमति नहीं ली गई। जैसे ही निर्माण कार्य शुरू हुआ, परिषद की सीएसआई ब्रांच ने आपत्ति जताई और स्थान बदलने का सुझाव दिया।
नगर परिषद की सीएसआई शाखा की आपत्ति के बावजूद तकनीकी शाखा ने निर्माण कार्य जारी रखा है। अब सफाई ब्रांच के अधिकारियों का कहना है कि जिस जगह पर निर्माण हो रहा है, वहां पहले कचरा उठाने वाली गाड़ियों को खड़ा किया जाता था। निर्माण पूरा होने के बाद कचरा उठान की गाड़ियों को खड़ा करना मुसीबत बनेगा
जो शौचालय पहले से वहां पर मौजूद था, उसका अधिक उपयोग मोबाइल फोन मार्केट और थाना रोड के दुकानदारों द्वारा किया जाता रहा है। ऐसे में अधिकारियों का मानना है कि यदि यहां पर नए शौचालय के लिए किसी वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाता, तो वह अधिक उपयुक्त होता।
-
सवाल पुराने को पहले क्यों नही तोड़ा गया
नगर परिषद कार्यालय में पहले ही शौचालय बना हुआ है इसके अलावा यूरिन प्वाइंट भी है, लेकिन नगर परिषद की तकनीकी शाखा ने इसे तोड़कर बनाने के बजाय उसके आगे ही नए का निर्माण कर दिया है। ऐसे में इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं।
-
कहां खड़ी होंगी 14 टाटा एस व ट्रैक्टर
नगर परिषद के पास कचरा उठान के लिए 14 टाटा एस गाड़ियां और तीन ट्रैक्टर हैं। ये गाड़ियां सुबह कचरा उठान के बाद नगर परिषद परिसर में खड़ी होती हैं, लेकिन अब शौचालय निर्माण होने से परिषद परिसर में जगह का अभाव हो गया है।
-
शौचालय निर्माण के लिए जगह का चयन एमई की तरफ से किया जाता है। एक दम तो काम शुरू नहीं हुआ है। अगर एतराज था तो पहले बताना चाहिए था। बाकी इस संबंध में एमई से बात करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
- ज्ञानप्रकाश, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद