फतेहाबाद से रतिया जाने वाली सड़क जिसका काम रुका हुआ है।
फतेहाबाद। लोक निर्माण विभाग की ओर से पंजाब सीमा से राजस्थान सीमा तक सड़क का पुनर्निर्माण करवाया जा रहा है। यह मार्ग भट्टू से फतेहाबाद और रतिया होते हुए बुढलाडा तक जाता है। इसका निर्माण कार्य पिछले साल से शुरू है। फिलहाल हालात यह है कि फतेहाबाद से रतिया के गांव हमजापुर तक काम रुका हुआ है। इस सड़क को फतेहाबाद से रतिया तक दोबारा बनाने के साथ ही इसे चौड़ा भी किया जाना है।
सड़क न बनने से राहगीरों को सफर करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फतेहाबाद के फोरलेन बाइपास से लेकर रतिया शहर तक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। दरअसल, जिले में पिछले साल बाढ़ आने पर पानी की निकासी में काफी दिक्कतें आईं थी। इसके चलते प्रशासन ने इस सड़क पर पहले साइफन बनाने, उसके बाद सड़क का निर्माण करवाने के निर्देश दिए थे। सड़क पर साइफन तो बन गए, लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ। वहीं अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य जारी है।
फतेहाबाद से भट्टू तक बन चुकी है सड़क
फतेहाबाद से रतिया तक का ही निर्माण कार्य रुका हुआ है। फतेहाबाद से भट्टू तक लगभग सड़क का काम पूरा हो चुका है। वहीं रतिया से बुढलाडा तक भी सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन फतेहाबाद से रतिया तक बनने वाली सड़क का काम रुका हुआ है। फतेहाबाद से रतिया सफर करने वाले देवेंद्र दहिया, सौरभ, निकेत, वीना, चिराग, सोहन आदि ने बताया कि पिछले चार माह से सड़क का निर्माण कार्य रुका हुआ है। बीच-बीच में कहीं कार्य चल रहा होता है, लेकिन चार दिनों बाद फिर से बंद हो जाता है। जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए, ताकि सफर सुगम हो सके।
-
बुढलाडा से रतिया के बीच सड़क का काम चल रहा है। जैसे ही बुढलाडा से रतिया तक सड़क बन जाएगी, उसके बाद फतेहाबाद से रतिया तक सड़क पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
-
संदीप सचदेवा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, फतेहाबाद।