टोहाना। शहर में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान घरेलू कनेक्शन टूटने और लीकेज से दुकानों के आगे जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। इससे व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाराज व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एसडीएम आकाश शर्मा से मुलाकात कर समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की।
जनस्वास्थ्य विभाग रेलवे रोड से अग्रसेन चौक और अंबेडकर चौक तक करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में 16 इंच की मुख्य पेयजल लाइन बिछा रहा है। व्यापारियों अनिल गर्ग और कुश भार्गव ने बताया कि पाइपलाइन बिछाते समय आधा इंच और एक इंच के घरेलू कनेक्शन बार-बार टूट रहे हैं। पानी की सप्लाई शुरू होते ही दुकानों के आगे पानी भर जाता है और कीचड़ होने से ग्राहकों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने बताया कि शिकायत के बाद जेई ने सीपीवीसी पाइप से अस्थायी जोड़ लगाए थे लेकिन पानी के तेज दबाव से वे दोबारा उखड़ गए। प्रतिनिधिमंडल में कुश भार्गव, अशोक ठकराल, राजेश अरोड़ा, नरेश गुप्ता और राजकुमार सहित कई दुकानदार शामिल रहे।
एसडीएम ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित एसडीओ को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल और जेई विकास कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
व्यापारियों ने मांग की कि पाइपलाइन बिछाने के बाद पहले पानी चलाकर सभी लीकेज चिन्हित किए जाएं। लीकेज पूरी तरह ठीक करने के बाद ही सड़क बंद की जाए ताकि बार-बार खुदाई की जरूरत न पड़े।
-
साथ-साथ करवाई जा रही मरम्मत
जेई विकास ने बताया कि करीब 20 लाख रुपये की लागत से चल रहा टेंडर कार्य अक्तूबर माह तक पूरा होना है। नागरिक सुविधा को देखते हुए काम समय से पहले पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त पुरानी लाइन की मरम्मत भी साथ-साथ करवाई जा रही है। सुबह 10 बजे पानी की सप्लाई बंद होने के बाद शाम तक मरम्मत पूरी कर ली जाती है ताकि अगले दिन आपूर्ति प्रभावित न हो।
विभाग द्वारा किया जा रहा कार्य।