फतेहाबाद। जिले में गेहूं की आवक तेज और उठान की गति धीमी होने से मंडियों में व्यवस्था रामभरोसे हो चुकी है। उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और जिले के नोडल अधिकारी विनीत गर्ग के अनाज मंडी का दौरा करने के बावजूद हालातों में कोई खास फर्क नजर नहीं आया। एसीएस ने अधिकारियों को किसान को फसल बेचने में कोई परेशानी न होने के निर्देश दिए। मगर पिछले 15 दिनों से किसान ही नहीं आढ़ती तक परेशान हैं। मगर इस परेशानी का समाधान न स्थानीय अधिकारियों के पास मिला है और न ही एसीएस के पास।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 46,39,310 क्विंटल गेहूं की खरीद चुकी है। इसमें से 48.86 फीसदी 22,66,880 क्विंटल गेहूं का उठान हो सका है। पिछले 15 दिनों से भी अधिक समय होने के बावजूद अभी तक 50 फीसदी उठान का आंकड़ा भी नहीं छुआ जा सका है। जिले में अभी तक 26786 किसानों द्वारा गेहूं की फसल बेची जा चुकी है। इन किसानों को फसल बेचने के बाद 467 करोड़ 57 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। हालांकि, भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है। गेहूं के उठान में देरी के कारण किसानों के खातों में राशि भी देरी से आ रही है। वहीं, दूसरी तरफ मौसम में परिवर्तन होने से आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है।
फतेहाबाद की पुरानी अनाज मंडी के आढ़ती सुरेश कुमार, रमेश कुमार, सुमित, रामकुमार, बलवान सिंह और विनोद कुमार ने बताया कि मौसम परिवर्तित हो रहा है। शुक्रवार शाम को भी बादल छा गए। अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों से समय पर उठान नहीं होने के कारण लाखों क्विंटल गेहूं खुले आसमान के नीचे रखी है। अगर बारिश आ गई तो गेहूं भीग सकता है। वहीं, उठान में देरी के कारण धूप में रखी गेहूं के बैगों का भार भी कम हो रहा है।
निरीक्षण की औपचारिकता ही कर गए एसीएस
नोडल अधिकारी एसीएस विनीत गर्ग ने पहले फतेहाबाद की नई अनाज मंडी और फिर रतिया की अनाज मंडी का दौरा किया। दौरे के दौरान निरीक्षण की औपचारिकताएं ही बरती गईं। मगर धरातल पर कोई सुधार नजर नहीं आया। गेहूं से अटी पड़ी फतेहाबाद की पुरानी अनाज मंडी का तो एसीएस को स्थानीय अधिकारियों ने दौरा ही नहीं करवाया। दौरे के दौरान एसीएस ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसान को फसल बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उचित प्रबंध किए गए हैं। अगर फिर भी कोई कमी है तो उसे पूरा किया जाए। गेहूं का उठान भी सुनिश्चित किया जाए। एसीएस ने इससे पहले भूना रोड स्थित विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक लेकर गेहूं खरीद को लेकर किए गए प्रबंधों की समीक्षा भी की।
इन एजेंसियों ने इतनी की खरीद
जिले में कुल खरीद : 46,39,310 क्विंटल
खाद्य आपूर्ति विभाग ने खरीदी : 5,00,620 क्विंटल
हैफेड ने खरीदी : 22,56,410 क्विंटल
वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने खरीदी : 17,13,160 क्विंटल
एफसीआई ने खरीदी : 1,69,120 क्विंटल
कोट
किसानों की फसल खरीद के साथ-साथ फसल भंडारण के लिए कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। संबंधित खरीद एजेंसियों को गेहूं के उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में इस बार गेहूं की अच्छी पैदावार हुई है। सभी अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर फसल खरीद की उचित व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जा रही है।
-राहुल नरवाल, डीसी, फतेहाबाद