फतेहाबाद। कायाकल्प अवाॅर्ड योजना के लिए नागरिक अस्पताल के प्री असेसमेंट को लेकर सिरसा से डॉ. अमनदीप सिंह के नेतृत्व में टीम निरीक्षण करने के लिए पहुंची। टीम में डॉ. गौरव और कुलदीप कौर भी शामिल रहे। टीम ने निरीक्षण शुरू करते ही कमियां निकालनी शुरू कर दी और स्टाफ को फटकार लगाई। टीम को इमरजेंसी के बाहर व्हील चेयर नहीं मिली और शिकायत पेटिका मिली लेकिन शिकायतों के रिकाॅर्ड दर्ज के लिए रजिस्टर नहीं मिला। टीम बार-बार रजिस्टर मांगती रही लेकिन स्टाफ नहीं दिखा पाया। शिकायत पेटिका के पास अफसरों के मोबाइल नंबर और न ही ईमेल आईडी लिखी गई थी। टीम के मुख्य सदस्य डॉ. अमनदीप सिंह ने यहां तक कहा कि पिछली गलतियों को इस बार भी नहीं सुधारा गया है। टीम को अस्पताल में कई जगहों पर अंधेरा मिला। टीम को अस्पताल में कई जगह सफाई नहीं मिली और कागज बिखरे मिले। स्वास्थ्य विभाग की कायाकल्प अवाॅर्ड योजना को लेकर दूसरे जिले की टीम प्री असेसमेंट के तहत निरीक्षण करती है। इसी को लेकर सिरसा से टीम नागरिक अस्पताल फतेहाबाद का निरीक्षण करने के लिए आई। टीम दोपहर करीब एक बजे पहुंचे और डेढ़ बजे निरीक्षण शुरू किया। अस्पताल में दो बजे ओपीडी बंद हो जाती है, इसके चलते मरीजों से फीडबैक नहीं लिया गया।
अस्पताल के गेट के आगे खड़े मिले वाहन
नागरिक अस्पताल में ओपीडी काउंटर के साथ मुख्य गेट के आगे मोटरसाइकिल खड़े मिले और इसके अलावा सामने भी गाड़ियां खड़ी थी। डॉ. अमनदीप सिंह ने निरीक्षण करवा रही स्टाफ नर्स से पूछा कि क्यों ये पार्किंग है तो उन्होंने कहा कि यहां पार्किंग नहीं है। डॉ. अमनदीप सिंह ने कहा कि क्यों फिर गेट के आगे वाहन खड़ा करवाएंगे।
इमरजेंसी में नहीं मिली दवाइयों की अपडेट लिस्ट
नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड का भी टीम निरीक्षण करने के लिए पहुंची। यहां पर मौजूद स्टाफ नर्स से सवाल-जवाब किए। इसके बाद टीम ने इमरजेंसी में बोर्ड पर दवाइयों की लगी अपडेट लिस्ट के बारे में पूछा लेकिन स्टाफ ने कहा कि इसे अपडेट नहीं किया जा रहा है। इस पर टीम ने कहा कि लिस्ट अपडेट किया जाए या बोर्ड को हटाया जाए। टीम ने स्टाफ को इमरजेंसी में एसी लगवाने के भी निर्देश दिए।
कागज के नोटिस लगाने पर जल्द हटाने के निर्देश
टीम ने नागरिक अस्पताल में दीवारों पर कागज पर प्रिंट निकालकर नोटिस लगाने पर स्टाफ को जमकर फटकार लगाई। टीम ने कहा कि इतना बजट हाने के बावजूद जग-जगह कागज चस्पा कर रखे है। इन्हें जल्द हटवाएं।
बिखरे तारों पर बिफरी टीम :
नागरिक अस्पताल में बिजली और सीसीटीवी का तार बिखरा देखा। इस पर टीम ने कहा कि पहले भी ये ही कमियां थी लेकिन सुधार नहीं किया गया है। कम से कम तारों को तो बिखरा नहीं होना चाहिए।
कोट
स्टाफ को ट्रेनिंग की जरूरत है : डॉ. अमनदीप सिंह
कायाकल्प अवार्ड को लेकर अस्पताल में निरीक्षण किया गया है। अस्पताल में कुछ कमियां मिली हैं। इमरजेंसी के बाहर व्हील चेयर नहीं मिली है, सफाई भी कई जगह नहीं थी। स्टाफ को ट्रेनिंग की भी जरूरत है ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।
- डॉ. अमनदीप सिंह, नोडल अधिकारी, निरीक्षण टीम कायाकल्प अवार्ड