फतेहाबाद के बत्रा धर्मशाला में बैठक करते हुए मॉडल टाउन निवासी
फतेहाबाद। बत्रा धर्मशाला में मॉडल टाउन निवासियों की बैठक हुई। जिसमें कंपलीशन प्रमाण पत्र लेने को लेकर आ रही दिक्कतों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में मॉडल टाउन निवासियों ने कहा कि वे 11 हजार रुपये जमा करवा चुके हैं लेकिन उन्हें प्रमाणपत्र नहीं दिए गए। अब उनसे फिर से 35 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं।
लोगों ने कहा कि जो पहले रुपये जमा करवा चुके है वे दोबारा से नहीं देंगे। इसके अलावा कंपलीशन प्रमाणपत्र पर बिल्डिंग प्लान अनअप्रुव्ड (अननुमोदित) दिखाया जा रहा है जो कि गलत है। इसको लेकर वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलेंगे। बैठक में पार्षद अर्जुन कटारिया, सतपाल अरोड़ा, सुनील चौधरी, मोहनलाल जुनेजा, राजू नारंग, सन्नी ग्रोवर, डॉ. सुरेश वधवा, डॉ. पवन मेहता, डॉ. सुशील तनेजा, डॉ. लोक सेतिया, विनोद काला-पीला, रितेश मुंजाल, नरेश जैन समेत कई मॉडल टाउन निवासी मौजूद रहे।
पार्षद अर्जुन ने बताया कि एचएसवीपी द्वारा मॉडल टाउन निवासियों की तरफ से 25 से 30 लाख रुपये बकाया रिकॉर्ड में दिखाए जा रहे हैं। इस ड्यू को खत्म करने के लिए वर्ष 2016 में पॉलिसी आई थी जिसमें 11 हजार रुपये फीस और पानी और बिजली के बिल मांगे गए थे। अधिकतर ने ये राशि जमा करवा दी। इस दौरान एचएसवीपी से रिकॉर्ड को नगर परिषद में भेज दिया गया था पर ड्यू खत्म नहीं किए गए। जब एनओसी मांगी गई तो रिकॉर्ड वापस भेज दिया गया।
एचएसवीपी में मामला फिर उठा तो 35 हजार रुपये राशि जमा करवाने के लिए कहा गया है। यही नहीं कंपलीशन प्रमाण पत्र जो दे रहे हैं उसमें बिल्डिंग प्लान अनअप्रूव्ड (अननुमोदित) दिखाया जा रहा है। मॉडल टाउन निवासियों की मांग है कि जिन लोगों ने 11 हजार रुपये की राशि जमा करवा दी है उनसे 35 हजार रुपये न लिए जाएं। इसके अलावा प्रमाणपत्र में अनअप्रूव्ड (अननुमोदित) एरिया दिखाया जाए।