फतेहाबाद। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, बचपन की देखभाल-शिक्षा और स्थानीय पौष्टिक खाद्य संसाधनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आठवां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है।
इस बार पोषण अभियान का महिला एवं बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस होगा। ये बात एडीसी अनुराग ढालिया ने लघु कही। उन्होंने बताया कि पोषण माह अभियान के तहत 30 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जिला में नव निर्मित दस आंगनबाड़ी केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे।
एडीसी सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, पोषण अभियान, आपकी बेटी हमारी बेटी, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, पूरक पोषाहार और प्राइवेट प्ले स्कूल योजनाओं व अभियान के क्रियांवयन की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। एडीसी अनुराग ढालिया ने कहा कि इस राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 सितंबर को पूरे देश में किया जाएगा। जिसके तहत जिले में हेल्थ कैंप भी आयोजित किए जाएंगे, जहां विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी सुरजीता कुमारी ने कहा कि सभी विभाग पोषण माह के दौरान सभी गतिविधियों को जन आंदोलन डैशबोर्ड पोर्टल पर अवश्य अपलोड करें।
बैठक में एएसपी दिव्यांशी सिंगला, एसडीएम राजेश कुमार, जिप सीईओ सुरेश कुमार, डीडीपीओ अनूप सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश सिहाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक अमित पंवार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।