सीएम मनोहर लाल द्वारा जाखल के गल्र्ज स्कूल की बिल्डिंग बारे किया गया ट्वीट।
- फोटो : amar ujala
उच्चाधिकारियों और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए लोग अब सोशल मीडिया का सहारा लेने लगे हैं। फतेहाबाद की विदेशी बहू जाहना के मामले में विदेश मंत्री के ट्वीट के बाद अब जाखल में गर्ल्स स्कूल की नई इमारत बनाने की मांग ट्विटर पर की गई है। सीएम खट्टर ने वीरवार को अपने पहले ट्विटर दरबार पर जाखल गर्ल्स स्कूल की इमारत की मांग उठने पर इस मामले का संज्ञान लिया। इतना ही नहीं, सीएम ने इस मामले पर प्रदेश सरकार की ओर से माफी भी मांगी है और बाकायदा भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस काम को शुरू करवाया जाएगा।
सुबह साढ़े 10 बजे बताई समस्या, शाम 8 बजे सीएम का आश्वासन
जाखल नीड गर्ल्स स्कूल के नाम से जाखल के किसी व्यक्ति ने ट्विटर अकाउंट बनाया हुआ है। इस अकाउंट को चलाने वाले व्यक्ति ने मनो के मुख से हैशटैग का इस्तेमाल कर सीएम मनोहर लाल को ट्वीट कर बताया कि जाखल के गर्ल्स स्कूल की कंडम बिल्डिंग काफी समय पहले गिरा दी गई थी। अभी तक इस बिल्डिंग का निर्माण शुरू नहीं किया गया है। इस कारण स्कूल की छात्राओं को मजबूरन ब्वॉयज स्कूल की इमारत में जाकर पढ़ना पड़ता है। ऐसी स्थिति लड़कियों के लिए काफी असहज हो जाती है। लंबे समय से इस स्कूल की बिल्डिंग के निर्माण का काम शुरू करने की मांग की जा रही थी। सीएम के ट्विटर दरबार में इस व्यक्ति ने सुबह 10:38 बजे अपनी समस्या बताई और रात 8:05 बजे सीएम ने खुद संज्ञान लेते हुए ना केवल इस स्थिति के लिए खेद जताया, बल्कि जल्द इस समस्या के समाधान का भरोसा भी दिया।
विदेश मंत्री के बाद अब सीएम
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज कई दिनों से टोहाना के समैण गांव की विदेशी बहू जाहना के वीजा संबंधी मामले में लगातार प्रयत्न कर रही थीं। इसके लिए उन्होंने कई ट्वीट किए थे। बाकायदा जाहना और उसके परिवार से इस संबंध में बात भी की थी। इसी तरह, वीरवार को सीएम मनोहर लाल खट्टर के ट्विटर पर जाखल की बहु प्रतीक्षित मांग रखी गई। सीएम ने आश्वासन देकर जाखल के लोगों का दिल जीत लिया है।