जाखल। जाखल मंडी में सीएम फ्लाइंग की ओर से खाद्य सुरक्षा अधिकारी को साथ लेकर डेयरी पर छापेमार कार्रवाई की गई। पीएनबी बैंक के नजदीक स्थित रामलाल दूध डेयरी पर की गई छापेमार कार्रवाई के दौरान मौके पर दूध, दही, देसी घी व पनीर मिला। टीम के सदस्यों ने इन सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। इन सैंपलाें को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में अगर कोई खामी आई तो उसी अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हालांकि, टीम को डेयरी संचालक के पास लाइसेंस भी पाया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ.आजाद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ सीएम फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर कुलदीप, सब इंस्पेक्टर राजेश ने डेयरी पर निरीक्षण किया। डेयरी संचालक के पास लाइसेंस मिला है। इस दौरान 4000 किलो देसी घी, 800 किलो दूध, 350 किलो पनीर, 80 किलो दही मिला है। इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। इस संबंध में डेयरी संचालक रामलाल ने बताया कि उसके पास लाइसेंस है और वह नियमानुसार डेयरी का संचालन करता है। पहले भी उसकी डेयरी से खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग की गई थी, वह भी सही पाए गए थे।