रतिया नगर पालिका में डोर टू डोर कर्मचारियों की हाजिरी चैक करते हुए सीएम फ्लाइंग के अधिकारी : सं
रतिया। शहर में डोर टू डोर कचरा उठान ठेकेदार के कार्यों के निरीक्षण के लिए सीएम फ्लाइंग वीरवार दोपहर को रतिया पहुंची। टीम ने ठेकेदार की कार्य प्रणाली का निरीक्षण किया और उसकी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों के पास भेज दी।
निरीक्षण के दौरान जहां सीएम फ्लाइंग अधिकारियों ने नगर पालिका कार्यालय में पहुंचकर डोर टू डोर ठेकेदार का रिकॉर्ड कब्जे में लिया। वहीं कर्मचारियों की हाजिरी भी जांच की। जिसमें ठेकेदार के सात कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए।
बता दें कि पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप सिंह ने भी डोर टू डोर कचरा उठान ठेकेदार की कार्यप्रणाली को लेकर धरना लगाने की चेतावनी दी थी। इसके चलते वीरवार को सीएम फ्लाइंग के जांच अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम नगर पालिका कार्यालय में डोर टू डोर कचरा उठान ठेकेदार के कार्यों की जांच करने के लिए पहुंची।
सर्वप्रथम नगर पालिका कार्यालय मैं कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर चेक किया। उसके बाद डोर टू डोर कचरा उठान ठेकेदार के टेंडर को लेकर रिकॉर्ड तलब किया। रिकॉर्ड मिलने के बाद अधिकारी कर्मचारियों की हाजिरी और गाड़ियों की संख्या चेक करने के लिए पहुंचे। जिसमें सात कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। बाद में सीएम फ्लाइंग के अधिकारियों ने धर्म कांटे पर पहुंचकर पिछले दो दिन का रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में लिया और कुछ डंपिंग सेंटरों की भी जांच की गई।
सीएम फ्लाइंग के राजेश कुमार ने बताया की डोर टू डोर ठेकेदार के कार्य का रूटीन निरीक्षण किया गया था। इस दौरान 7 कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए हैं जबकि टेंडर का रिकॉर्ड कब्जे में लेकर गहराई से जांच की जाएगी। जांच के दौरान अगर कोई भी लापरवाही पाई जाती है तो नियम अनुसार कार्रवाई भी की जाएगी।