फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न खाऊंगा, न खाने दूंगा, जो पहले खा चुके हैं, उनसे भी निकलवाऊंगा : सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद। फतेहाबाद की नई सब्जी मंडी में शुक्रवार को आयोजित राज्य स्तरीय भागीरथ जयंती समारोह में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल पूरे समय खुशनुमा मूड में दिखे और ये बात उनके भाषण में भी नजर आई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि न तो खाना है और न खाने देना है। इस पर अमल करते हुए मैं भी न तो खुद खाऊंगा और न किसी को खाने दूंगा और जो पहले खाकर चले गए हैं, उनसे भी निकलवाऊंगा। उनकी इस बात पर उपस्थित लोगों ने खूब तालियां बजाई।
विज्ञापन

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए महिलाओं से पूछा कि सभी महिलाओं को गैस सिलिंडर मिल गया तो तकरीबन 30-35 महिलाओं ने हाथ उठाकर कहा कि उन्हें नहीं मिला। जिसके बाद सीएम मनोहर लाल ने तुरंत जिले के एडीसी महावीर प्रसाद को स्टेज पर बुलाया और कहा कि जिन लोगों को उज्ज्वला के तहत गैस सिलिंडर और चूल्हे नहीं मिले हैं, उनकी लिस्ट बनाकर वितरित किया जाए। उन्होंने कहा कि उज्जवला योजना में जिसको सिलिंडर न मिले हों, वो अफसरों के घरों से उठा लें। अगर अफसरों के घर के सिलेंडरों से काम पूरा न हो, तो फिर जिले में बीजेपी के जितने भी नेता हैं, उनके घर के सिलिंडरों को अपने पास ले जाएं। अगर फिर भी कहीं कमी रह जाए तो जिले की महिलाएं सीएम हाउस में एक फोन कर दें, मैं अपनी रसोई का सिलिंडर भी फतेहाबाद भिजवा दूंगा।
सरकार की उपलब्धियां गिनवाई
समारोह में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में 748 करोड़ रुपये से सभी शमशान घाट व कब्रिस्तान के रास्ते पक्के करवाने, शेड लगवाने, पानी का प्रबंध करने तथा चहारदीवारी बनवाने का कार्य करवाया जा रहा है। यह कार्य 70-80 प्रतिशत तक पूरा भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद में बिश्नोई समाज को कब्रिस्तान के लिए जगह दिलवाई गई है।
विज्ञापन

बेटी जन्मदर को एक हजार तक ले जाने का रखा टारगेट
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की निम्र जन्मदर के कारण हरियाणा बदनाम था। सरकार ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया जिसके प्रभाव से प्रति हजार लड़कों के जन्म पर लड़कियों की जन्म संख्या 850 से बढ़कर 933 हो गई है। हमें इस संख्या को 1000 तक लेकर जाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी को जातिवाद से ऊपर उठकर हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना को अपनाने की जरूरत है।
बराला ने इनेलो पर किया कटाक्ष, कहा इस दल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने विपक्षी दलों, खासकर इनेलो पर जमकर कटाक्ष किए। इनेलो पर तंज कसते हुए बराला ने कहा कि इस दल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा। बरला ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पूर्ववर्ती सरकारों व मुख्यमंत्रियों का भी कार्यकाल देखा है और वर्तमान सरकार का कार्यकाल भी। लोग साफ-साफ फर्क देख रहे हैं कि पहले की सरकारें और इनके मुख्यमंत्री गरीब वर्ग की भलाई की बातें तो करते थे और उनके वोट भी खूब लेते थे लेकिन उनकी भलाई के नाम पर करते कुछ नहीं थे। पिछले दिनों हुए लोकसभा चुनाव के बाद से ही राजनीतिक दलों के मुखियाओं के होश उड़ने शुरू हो गए हैं। इन चुनावों में जनता ने भाजपा के सभी 10 प्रत्याशियों को विजयी बनाकर लट्ठ सा गाड़ दिया।
पूर्व की सरकारों ने वंचित वर्ग को किया प्रताड़ित : बेदी
इससे पूर्व राज्य मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि पूर्व की सरकारों के समय अनुसूचित जाति तथा वंचित वर्गों को सबसे अधिक प्रताड़ित किया गया। अपने संबोधन में सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुनीता दुग्गल ने महर्षि भागीरथ को उनके जयंती पर नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूर्वजों को गति देने तथा इस धरती पर गंगा मां के पवित्र जल को लाने के लिए कठिन तप किया था। समस्त ओड समाज के अनेक प्रमुख व्यक्तियों ने भी समारोह को संबोधित किया और समाज की मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
मौके पर ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर राजीव जैन, भाजपा के प्रदेश सचिव एवं चेयरमैन जवाहर सैनी, अखिल भारतीय समस्त ओड समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर लाल, डीएनटी चैयरमेन डॉ बलवान सिंह, बीओएसएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वैंक्टेश मौर्या, पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी, बलवान सिंह दौलतपुरिया, प्रो. रविंद्र बलियाला, कालू राम ओड, अरुण बरोका, महावीर सिंह, राम कुमार, देवेन्द्र जोधा, डीएल हंसू, खूबीराम कौशल, सतनाम खांबारा, रमेश मुढाई, भीमसेन मुढाई, बीरखभान टीहाल, महेन्द्र सिंह, बीओएसएस के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश कालिया, सुरेश ओड, रणजीत ओड, जिला महामंत्री बलदेव ग्रोहा, रिंकू मान, चैयरमेन दर्शन नागपाल, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण नापा, रमेश सिंगला, वेद जांगड़ा, जिला आईटी प्रमुख कंवल चौधरी, मंडलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, प्रीतम शर्मा, सुभाष सिवाच, शीशपाल गोदारा, सुखविंद्र गोयल, सहित पार्टी कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें