फतेहाबाद। शहर में पेयजल और लीकेज की समस्या को सुधारने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने प्लान तैयार किया है। शहर की पुरानी और नई कॉलोनियों में पेयजल सप्लाई की पाइप लाइनों को बदला जाएगा। खैरातीखेड़ा रोड पर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर भी जनस्वास्थ्य विभाग क्लीयर वाटर टैंक बनाने जा रहा है। इसके अलावा शहर के माजरा रोड पर नहरी पानी की समस्या को लेकर भी प्लान तैयार किया गया है।
जनस्वास्थ्य विभाग ने प्लान बनाकर मुख्यालय को भेजा है। यहां से मंजूरी के बाद प्रक्रिया शुरू होगी और इस पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। विभाग ने शहर की बढ़ती हुई आबादी को लेकर भी प्लान तैयार किया है। शहर में नहरी पानी की सप्लाई जनस्वास्थ्य विभाग खैरातीखेड़ा रोड पर बने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से करता है। यहां पर पानी स्टोरेज के लिए 10 और 12 एमएलडी यानि मीट्रिक लीटर पर डे के टैंक बने हैं। इसके अलावा एक-एक एमएलडी का क्लीयर वाटर टैंक बना हुआ है। बढ़ती आबादी को देखते हुए विभाग एक-एक एमएलडी के दो और क्लीयर वाटर टैंक बनाने जा रहा है। संवाद
कॉलोनियों में पाइप लाइन बिछाने का ये है प्लान
पुरानी कॉलोनी
4 इंची : 7500 मीटर
6 इंची : 750 मीटर
8 इंची : 1100 मीटर
नई कॉलोनी
4 इंची : 22500 मीटर
6 इंची : 6500 मीटर
29 हजार मीटर पाइप लाइन बदली जाएगी
नगर परिषद सीमा में शामिल हुई हंस कॉलोनी, हरनाम सिंह कॉलोनी, स्वामी नगर, आजाद नगर में जनस्वास्थ्य विभाग पेयजल के लिए नई पाइप लाइनें बिछाएगा। पुरानी पाइपलाइन को बदला जाएगा। करीब 29 हजार मीटर पाइप लाइन बदली जाएगी। इसके अलावा शहर की पुरानी कॉलोनियां जहां पर पाइपें खराब हो चुकी हैं और लीकेज की समस्या है वहां पर भी पाइपें बदले जाने का प्लान बनाया गया है।
माजरा रोड पर पानी सप्लाई के बनेगा नया टैंक
शहर के माजरा रोड पर नहरी पानी सप्लाई के लिए जनस्वास्थ्य विभाग रेस्ट हाउस के पीछे बने बूस्टिंग स्टेशन पर नया टैंक बनाएगा। इस टैंक से माजरा रोड पर पानी की सप्लाई की जाएगी। इसको लेकर नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। यहां पर पेयजल समस्या को लेकर पार्षद चंद्रभान ने विधायक दुड़ाराम के सामने हाउस बैठक में मुद्दा उठाया था। एजेंडे की कॉपी तक फाड़ दी गई थी। इस दौरान ये मामला काफी गरमाया भी था।
कोट
शहर में पेयजल को लेकर लोगों को समस्या न आए इसको लेकर प्लान तैयार किया गया है। मिक्सिंग की समस्या को दूर करने के लिए शहर में नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी जहां पर जरूरत है। इसके अलावा नई कॉलोनियों में भी पाइप लाइन बिछेगी। क्लीयर वाटर टैंक भी बनाया जाएगा ताकि भविष्य में समस्या न आएं।
-बलविंद्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद