मंगलवार अलसुबह जिला में आए तेज अंधड़ व बारिश से नेशनल हाइवे स्थित बिजली निगम के बड़ोपल व भट्टू कलां सब-डिविजन में 120 बिजली के पोल गिर गए व 22 के करीब पेड़ गिर गए। पेड़ व पोल गिरने से करीब 40 गांवों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। 132 कंट्रोल रुम से दोपहर को बड़ोपल के 12 गांवों की बिजली बहाल हो सकी। निगम के 11 केवी लाइनों व 4 ट्यूबवेलों व डोमेस्टिक फीडरों पर मंगलवार दोपहर तक बिजली बहाल करने का काम जारी रहा। निगम के कार्यकारी अभियंता एमएल सुखीजा ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार अल सुबह करीब 3 बजे फतेहाबाद, बड़ोपल, भट्टू कलां व भूना के कई क्षेत्रों में तेज अंधड़ आ गया। तेज अंधड़ से बड़ोपल सब-डिविजन के अंतर्गत पडने वाले 11 केवी की लाइनों के बिजली के पोल गिर गए। जहां आसपास के खेतों में पेड़ भी गिरने का समाचार है। धांगड़ के पास ढ़ाणी में तेज हवाओं से ट्रांसफार्मर जमीन पर आ गिरा। पोल व ट्रांसफार्मर गिरने से निगम के 132 केवी सब-स्टेशन व बिजली घर में रात 3 बजे बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।
निगम के कंट्रोल रुम के अनुसार रात को अकाल एकेडमी फीडर, चबला मोरी फीडर, भोडा फीडर, धारनियां फीडर पर ट्यूबवेलों व डोमेस्टिक सप्लाई बंद रही। 11 केवी लाइनों के नीचे से खेतों मेें गिरे बिजली के पोल ठीक करने का काम मंगलवार सुबह किए जाने के कारण यहां बिजली की सप्लाई नहीं हो पाई। जबकि इससे पूर्व बड़ोपल के ही खाराखेड़ी व सालमखेड़ा में अंधड़ से कई पोल गिर गए थे, जिन्हे ठीक करने के लिए बिजली निगम के कर्मचारियों ने मंगलवार काम शुरू कर दिया। पोल नए सिरे से लगाने के काम के चलते 33 केवी सब-स्टेशन बड़ोपल व फतेहाबाद के भट्टू रोड स्थित 132 केवी सब-स्टेशन पर परमिट लेकर बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। बिजली सप्लाई ना होने से गंाव धांगड, बीघड़, सालमखेड़ा, धारनियां, खाराखेड़ी, मताना, बड़ोपल व इसके साथ सटी 40 के करीब ढाणियों में मंगलवार सुबह पानी की सप्लाई भी नहीं हो सकी।
फसलों के लिए फायदेमंद है बारिश
मंगलवार सुबह बारिश आने से तापमान में गिरावट आ गई। जिससे लोगों ने राहत महसूस की गई। मंगलवार सुबह तापमान गिरकर 30 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि दोपहर को तापमान फिर 33 डिग्री तक पहुंच गया। यह बारिश नरमा व धान की खेती के लिए फायदेमंद बताई जा रही है। जिन किसानों ने नरमें की फसल की अगेती बिजाई की थी उन्हें अब सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। जबकि 10 दिन बाद धान की खेती के लिए अब जमीन को सिंचाई की व्यवस्था थी उन किसानों को सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी।
बड़ोपल व आस-पास के गांवों में अंधड़ के कारण 120 से ज्यादा पोल गिर गए है, जिन्हें ठीक करने का काम चल रहा है। पोल गिरने के कारण बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। शीघ्र ही बिजली की पूरी बहाली हो जाएगी।
- एमएल सुखीजा, कार्यकारी अभियंता दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम फतेहाबाद।
यह बारिश नरमा और धान दोनों के लिए फायदेमंद है। 15 जून से किसानों ने धान की रोपाई करनी है, जिसके लिए अब सिंचाई की जरूरत नहीं रहेगी।
- डॉ. राजेश सिहाग, डीडीए फतेहाबाद।