गांव रामसरा के राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक जितेंद्र सिंह की हत्या के बाद बच्चे डरे हुए हैं। तीन दिन से बच्चे स्कूल नहीं आ रहे। बच्चों के अभिभावक भी नहीं चाहते कि बच्चों को डर के माहौल में स्कूल भेजा जाए। स्कूल प्रबंधन चाहता है कि बच्चों में भय खत्म किया जाना जरूरी है इसलिए वीरवार को अभिभावकों को स्कूल में बुलाया है ताकि इस विषय पर चर्चा हो सके। स्कूल के इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है। बच्चों को समझाया जाएगा कि स्कूल में उन्हें किसी प्रकार का डर महसूस नहीं होना चाहिए। जो वारदात हुई है उसको लेकर पुलिस अपना काम कर रही है।
पुलिस दे रही जगह-जगह दबिश : पुलिस भी अध्यापक के हत्यारों की धर पकड़ को लेकर लगातार नजदीकी क्षेत्रों में दबिश दे रही है ताकि कोई सुराग लगे। बुधवार को गांव छानी व सारंगपुर में भी कुछ ठिकानों पर दबिश दी जहां से पुलिस को सुराग मिलने की उम्मीद थी। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। अहम बात ये है कि पुलिस अपने स्तर पर ही हत्या के कारणों का पता लगा रही है। मृतक जितेंद्र के परिजनों या करीबियों की तरफ से किसी पर कोई शक नहीं जताया गया।
मामले की जांच जारी : थाना प्रभारी ओमप्रकाश चुघ ने बताया कि पुलिस ने आसपास के कई गांवों में दबिश दी है। जिन पर शक है उनसे पूछताछ भी हो रही है। अभी तक परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया है।