जोहड़ से 10 वर्षीय बच्चे को निकालने का प्रयास करते ग्रामीण।
- फोटो : Fatehabad
गांव कवलगढ़ में घग्गर नदी के किनारे स्थित गंदे पानी के जोहड़ में गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गइ जबकि दो अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। गांव के लोगों को जैसे ही बच्चे के जोहड़ में डूबने की सूचना मिली तो लोगों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को जोहड़ से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा कुछ समय पूर्व गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए घग्घर नदी के किनारे पंचायती जोहड़ बनाया था जिसमें गांव का गंदा पानी पाइप लाइन के माध्यम से डाला जाता था। बताया गया है कि वीरवार दोपहर बाद गांव के गुरबचन सिंह का 10 वर्षीय लड़का अमरजीत व कुछ अन्य बच्चे खेलते-खेलते जोहड़ के किनारे पर पहुंच गए और अचानक अमरजीत का पैर फिसलने से जोहड़ में गिर गया। उसे देख कर दूसरे बच्चे घबरा गए और शोर मचा दिया। बताया गया है कि शोर सुनकर गांव के लोग जोहड़ के पास पहुंचे तो बच्चों ने अमरजीत के जोहड़ में गिरने के बारे में बताया। कुछ लोगों की मद्द से जोहड़ से अमरजीत को बाहर निकाला गया। उसे चिकित्सकों के पास लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जोहड़ के आसपास पंचायत द्वारा चाहरदिवारी न बनाने के कारण यहां पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं और वीरवार को भी चाहरदिवारी न होने के कारण एक बच्चे की मौत हो गई।