फतेहाबाद में बागवानी कार्यालय में रिकॉर्ड जांच करते हुए सीएम फ्लाइंग सदस्य
फतेहाबाद। मुख्यमंत्री उड़नस्ता हिसार की टीम ने जिला उद्यान कार्यालय फतेहाबाद में अधिकारी व कर्मचारियों के समय पर कार्यालय में हाजिर न होने और सरकारी सुविधाओं में अनियमितता बरतने की शिकायत पर वीरवार सुबह छापे की कार्रवाई की। कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह और सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह शामिल रहे।
टीम ने सुबह 9 बजे जिला उद्यान कार्यालय फतेहाबाद का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में डॉ. श्रवण कुमार, जिला उद्यान अधिकारी तथा एचडीओ रितिका मौके पर मिलीं। निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर से कर्मचारियों का मिलान किया गया। कार्यालय में 9 कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति, 5 कर्मचारियों की एचकेआरएन के तहत तथा 5 कर्मचारियों की एमआईडीएच के तहत कुल 19 कर्मचारियों की नियुक्ति पाई गई। निरीक्षण दौरान कर्मचारी मौके पर मिले। निरीक्षण के दौरान फतेहाबाद में भावांतर भरपाई योजना वर्ष 2023-24 के दौरान 1946 किसानों द्वारा 3399 एकड़ बागवानी फसलों का पंजीकरण करना पाया गया। किसानों का बागवानी फसल का दाम भावांतर भरपाई स्कीम में दर्शाई गई राशि अनुसार बेची जानी पाई गई है। मेरी फसल मेरा ब्योरा के तहत फतेहाबाद में वर्ष 2023-24 के दौरान 2970 किसानों द्वारा 4914 एकड़ क्षेत्र का बागवानी फसलों का पंजीकरण मिला। बागवानी विभाग में खाद्य से संबंधित स्कीम लगभग 2 साल से बंद है तथा बीज मद के अंतर्गत 301 किसानों को अनुदान राशि प्रदान की जानी पाई गई है। मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना वर्ष 2023-24 के दौरान जिले में 4 किसानों द्वारा आवेदन करना पाया गया। जिसमें से तीन किसान की जांच होने उपरांत उनको मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना तहत सहायता राशि देना मिला। टीम ने निरीक्षण रिपोर्ट तैयार करके मुख्यालय को भेजी है।