पेस्टीसाइड फैक्टरी पर सीएम फ्लाइंग ने मारा छापा
गेट पर ताला लगाकर अंदर की जा रही थी पेस्टीसाइड की पैकिंग, फैक्टरी सील
फोटो नंबर 25 की सीरिज
संवाद न्यूज एजेंसी
रतिया। रतिया क्षेत्र के गांव नागपुर में वीरवार दोपहर सीएम फ्लाइंग टीम ने पेस्टीसाइड बनाने की फैक्टरी पर छापा मारा। टीम ने नकली पेस्टीसाइड दवाइयां बनाने की सूचना पर फैक्टरी पर कार्रवाई की और वहां से पेस्टीसाइड दवाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए। वहीं टीम ने फैक्टरी को भी सील कर दिया है।
मामले के मुताबिक किसी व्यक्ति ने मुख्यमंत्री कार्यालय को गुप्त सूचना दी थी कि गांव नागपुर के पास एक बंद पड़ी फैक्टरी में कुछ लोग दिल्ली से केमिकल मंगवा कर विभिन्न कंपनियों के नाम पर नकली पेस्टीसाइड दवाइयां तैयार कर आसपास के शहरों में बेच रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने शिकायत मिलते ही सीएम फ्लाइंग टीम के अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए, जिसके बाद वीरवार को सीएम फ्लाइंग टीम के इंस्पेक्टर इंद्र सिंह, क्वालिटी इंस्पेक्टर हरभगवान, भीम सिंह, हरविंदर सिंह, नागपुर पुलिस के कर्मचारियों ने नागपुर बस स्टैंड से सरदूलगढ़ रोड पर बाहर से बंद पड़ी एक फैक्टरी पर छापा मारा। बताया गया है कि जिस समय सीएम फ्लाइंग टीम ने जब छापा मारा तो उस समय उक्त कंपनी के मुख्य गेट पर ताला लगा था, लेकिन अंदर से कुछ लोगों के काम करने की आवाज आ रही थी। जिस पर टीम के सभी कर्मचारियों ने दीवार फांद कर कंपनी के अंदर पहुंच गए। अंदर विभिन्न कंपनियों के लेबल लगाकर पेस्टीसाइड की दवाइयां तैयार की जा रही थी।
सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर इंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास शिकायत आई थी कि नागपुर में एक फैक्टरी में डुप्लीकेट दवाइयां बनाई जाती है। इसके चलते छापेमार कार्रवाई की गई है। मौके पर मौजूद लोगों से दस्तावेज मांगे लेकिन अभी तक दस्तावेज नहीं दिखाए गए हैं। इसके चलते फैक्ट्री को सील कर दिया। वहां काम कर रहे कुछ लोगों ने पेस्टीसाइड दवाइयों की सप्लाई का लाइसेंस होने की बात कही है, लेकिन तैयार करने का लाइसेंस उनके पास नहीं है। इसलिए उक्त लोगों से दस्तावेज मांगे गए हैं अगर उक्त लोगों ने दस्तावेज नहीं दिखाए तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।