फतेहाबाद। शहर के धर्मशाला रोड निवासी कपड़ा व्यापारी से उसके बेटे को विदेश भेजने के नाम पर 15 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। कपड़ा व्यापारी ऋषि कुमार ने पिछले वर्ष मुख्यमंत्री, तत्कालीन गृहमंत्री और पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी।
मामले में एसपी कार्यालय की आर्थिक शाखा द्वारा जांच के बाद शहर पुलिस ने तीन महिलाओं सहित छह लोगों पर धोखाधड़ी सहित अनेक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी महाराष्ट्र, हरियाणा और पंजाब के रहने वाले है। पुलिस ने मुंबई स्थित अंधेरी रोड एमपी ट्रेडिंग कंपनी के मालिक प्रदीप, नई दिल्ली के शास्त्री नगर निवासी मनोज, मोहाली निवासी अमनदीप कौर, सिरसा के ऐलनाबाद निवासी जगदीश कौर, पंजाब के मोहाली निवासी जगदीप सिंह व एक अन्य महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
धर्मशाला रोड निवासी ऋषि कुमार ने बताया कि उसे अपने बेटे को विदेश भेजना था। इस दौरान आरोपियों से मुलाकात हुई। उक्त आरोपियों ने बेटे को विदेश भेजने के लिए 35 लाख रुपये तीन किस्तों में देने की बात कही। उसने 5 मई 2023 को ही राशि देनी शुरू कर दी।
अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 15 लाख रुपये की राशि दी गई। आरोपियों ने एक प्रायोजक पत्र और ऑफर लेटर व्हाट्सएप किया। जब उन्होंने संबंधित कंपनी से दस्तावेजों के बारे में जांच करवाई तो पता चला कि फर्जी थे। इस दौरान एहसास हुआ कि विदेश भेजने के नाम पर फर्जीवाड़ा हुआ है। आरोपियों से जब राशि वापस मांगी तो देने से मना कर दिया गया।