फतेहाबाद। निजी एयरलाइंस में नौकरी लगवाने के नाम पर युवती से 1 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना, फतेहाबाद पुलिस ने एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बॉबी निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। इस मामले में लखनऊ में एक निजी बैंक में सहायक मैनेजर शुभांकर तिवारी निवासी लखनऊ को प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया है।
इस मामले में शुभांकर तिवारी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था लेकिन चिकनपॉक्स होने के कारण हिसार जेल में क्वारंटाइन किया हुआ था। अब पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की तो सामने आया है कि बैंक मैनेजर ने कपड़ा व्यापारी बॉबी को 40 हजार रुपये में बैंक खाता बेचा था। इसके बाद बॉबी ने 50 हजार रुपये में बैंक खाता आगे बेच दिया था।
पुलिस अब मुख्य ठगों की तलाश कर रही है। मामले में सहायक बैंक मैनेजर को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया जबकि आरोपी बॉबी को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
टास्क पूरा करने के नाम पर 2.70 लाख ठगे
फतेहाबाद। टास्क पूरा करने के नाम पर शिक्षक से 2.70 लाख रुपये की राशि ठग ली। मामले में गांव करनौली निवासी शिक्षक बिक्रमपाल ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की है। शिकायत में बिक्रमपाल ने बताया कि वह बच्चों को टयूशन पढ़ाता है। उसने गूगल पर टास्क ग्रुप को लेकर लिंक देखा और ज्वाइन कर लिया। करीब 40 दिन तक ग्रुप को देखता रहा। ग्रुप में लालच दिया गया कि पैसे निवेश करने पर तीन गुना मिलेंगे। इसके बाद उसने 1.94 लाख रुपये 1 जनवरी 2025 को भेज दिए। इसके बाद उसने 75 हजार 600 रुपये भेज दिए। उसने 20 दिन बाद टास्क ग्रुप में लगाए गए 2.70 लाख रुपये निकालने लगा तो वह नहीं निकले। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी है।