रतिया। टोहाना रोड पर चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब चोरों ने गुरु फार्मेसी मेडिकल स्टोर को निशाना बनाकर दुकान के ताले तोड़ दिए और अंदर रखी नकदी, डीवीआर व एलईडी चोरी कर फरार हो गए। वारदात का पता चलने के बाद आसपास के दुकानदारों में रोष है।
मेडिकल स्टोर संचालक साहिल कुमार ने बताया कि मंगलवार रात्रि को वह दुकान बंद करने के बाद वह घर चले गए थे। बाद में चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान खंगाला। चोर दुकान में रखी नकदी के अलावा सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और एलईडी सहित करीब 1 लाख का नुकसान करके चले गए।
मेडिकल संचालक ने बताया कि बुधवार सुबह जब वह दुकान पर आए तो देखा कि दुकान का ताला टूटा पड़ा है और चोरों ने दुकान के अंदर घुसने के लिए दुकान के आगे लगे शीशे को भी तोड़ रखा है दुकान में चोरी होने की जानकारी उसने पुलिस की टीम 112 पर दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंची।
शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, पिछले करीब 5-6 महीनों में टोहाना रोड क्षेत्र में चोरी की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं।