रतिया। रतिया क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला रुक नहीं रहा है। चोरों ने रविवार रात को शहर और गांव में तीन अलग-अलग स्थानों पर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। शहर के वार्ड 11 में चोरों ने बनवारी लाल के घर में घुस कर पेंट की जेब में रखी 28 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान चुरा लिया।
मामले की शिकायत शहर पुलिस को दी गई। पुलिस ने बनवारी लाल के बेटे मोहित की शिकायत पर चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में मोहित ने कहा कि चोर उनके घर घुस गया और मौका पाकर उसके पिता की पेंट की जेब में रखी 28 हजार रुपये की नकदी, डीएल व अन्य दस्तावेज चुरा ले गया। आहट सुनकर उसकी आंख खुली तो वह उठा और चोर को ललकारा। उसने पीछा भी किया लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।
वहीं चोरी के अन्य मामलों में गांव बबनपुर व सरदारेवाला में दो घरों से हजारों रुपये की नकदी व सोने के गहने चोरी हो गए। गांव बबनपुर निवासी बलकार सिंह ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ घर के गेट को ताला लगाकर मनरेगा मजदूरी के लिए गया था। दोपहर को वापस आए तो देखा कि कमरों के ताले टूटे हुए थे। कमरों के अंदर भी सामान बिखरा पड़ा था। पेटियों से भी सामान बाहर निकाल रखा था। सामान संभाला तो पेटी से आठ हजार रुपये व सोने की अंगूठी गायब थी। आसपास नकदी व गहनों की तलाश की तो सुराग नहीं लगा। वहीं, गांव सरदारेवाला निवासी महिला बिंद्र कौर ने बताया कि वह सुबह 10 बजे मजदूरी के लिए घर से गई थी। शाम को 3 बजे वापस घर आई तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरी के आशंका होने पर पेटी को चेक किया तो उसमें से चांदी की चेन गायब थी तभी उसकी पड़ोसन आई उसने बताया कि उसके घर से गांव का ही युवक दीवार फांद कर भागा था।