गांव धिड़ में फसल अवशेष में लगी आग को बुझाते अग्निशमन विभाग के कर्मचारी।
फतेहाबाद। जिले में बुधवार को दो स्थानों पर फसल अवशेष जलाने की लाेकेशन हरसेक की ओर से कृषि विभाग के पास भेजी गई है। गांव हसंगा और अकांवाली में किसानों के खेत में फसल अवशेष को आग लगाए जाने की सूचना दी गई है।
अब कृषि विभाग, पंचायत विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम खेतों में जाकर निरीक्षण करेगी, इसके बाद किसानों पर एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस बार फसल अवशेष जलाने के मामलों में कमी दर्ज हो रही है। पिछले साल जिले में 13 नवंबर तक 400 से अधिक स्थानों पर फसल अवशेष जलाए जा चुके थे। मगर इस बार सरकार द्वारा की गई सख्ती के बाद कम स्थानों पर फसल अवशेष जल रहे हैं।
जिले में इस बार अब तक 103 जगहों पर आग लगने के मामले आ चुके हैं। कृषि विभाग की ओर से 50 किसानों पर एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है। साथ ही 56 किसानों की रेड एंट्री दर्ज करवा दी गई है। यह 56 किसान अगले दो सीजन तक एमएसपी पर अपनी फसल नहीं बेच पाएंगे।
:: जिले में बुधवार को गांव हसंगा और अकांवाली में फसल अवशेष जलाने के दो मामले सामने आए हैं। इस संबंध में शिकायत पुलिस को दी गई है। अब जांच के बाद इन किसानों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। अभी तक जिले के 50 किसानों पर एफआईआई दर्ज हो चुकी है।
-डॉ. राजपाल, तकनीकी सहायक, कृषि एवं कल्याण विभाग, फतेहाबाद।