रतिया। सदर थाना पुलिस ने गांव भुंदड़वास के नंबरदार बिल्लू सिंह की शिकायत पर गांव के मौजूदा सरपंच सर्वजीत सिंह सहित छह लोगों के खिलाफ मारपीट व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों में सरपंच के अलावा गांव के मक्खन सिंह, लाली सिंह, कुलदीप सिंह व दो अन्य शामिल हैं। शिकायत में नंबरदार बिल्लू सिंह ने कहा कि 2 नवंबर को गांव में पंचायती भूमि की निशानदेही थी। उक्त लोगों द्वारा पंचायती भूमि न छोड़ने पर तीसरी बार फिर निशानदेही की दरखास्त लगाई गई। उनका कहना है कि उक्त लोगों ने एक राय होकर पहले तो निशानदेही के लिए गई टीम को मौके पर गालियां देकर व झगड़ा करके वापस भेज दिया और उसके बाद फिर उसे अकेला देखकर घेर लिया और जातिसूचक गालियां निकालने लगे। उसे जान से मारने की धमकियां भी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।