रतिया। गांव नागपुर में सोमवार देर रात हुए झगड़े के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई ईश्वर की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या,अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। सीन ऑफ क्राइम की टीम को भी बुलाया गया।पुलिस को दी शिकायत में मृतक जगदीश चंद्र के भाई ईश्वर ने बताया कि उसका भाई टाटा एस चलाता था। गांव में उसने विनोद की दुकान से एक मोबाइल फोन का चार्जर लिया था, लेकिन चार्जर खराब हो गया। वह विनोद के पास गया तो विनोद ने उससे झगड़ा कर लिया और उसके भाई के साथ मारपीट कर जातिसूचक गालियां निकालनी शुरू कर दी। इसके बाद राहुल, संदीप, तनु आदि ने भी उसके भाई को पीटना शुरू कर दिया। ये लोग एक गाड़ी में उसके भाई को डालकर दुकान से दूर ले गए और वहां जाकर उसके प्राइवेट पार्ट तथा अन्य जगह पर निर्मम तरीके से पिटाई की। इस मारपीट के दौरान नुकीली वस्तु लगने से उसके भाई के हाथ से खून बहने लगा तो बहते खून को देखकर उसे अधमरा करके नागपुर के चौक में छोड़कर फरार हो गए। गांववालों ने इसकी सूचना उन्हें दी। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उसके भाई के शरीर से काफी ज्यादा खून बह रहा था, जिसे तुरंत रतिया के नागरिक अस्पताल में लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोट
युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीन ऑफ क्राइम की टीम से भी जांच करवाई है।
-कुलदीप सिंह, प्रभारी, सदर थाना रतिया