फतेहाबाद सदर पुलिस ने पराली जलाने के मामले में गांव हिजरावां कला निवासी किसान व उसके दो बेटों पर केस दर्ज किया है। वहीं लगातार दूसरे दिन भी पराली जलाने का कोई मामला कृषि विभाग के सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि सोमवार को हुई बारिश के कारण किसान पराली में आग नहीं लगा पाए। जिले में एक्यूआई का स्तर भी अब धीरे-धीरे कम होने लगा है।
फतेहाबाद सदर पुलिस को दी शिकायत में कृषि विकास अधिकारी ने मोनू ने बताया कि हरसेक से सूचना मिली थी कि गांव हिजरावां कलां में किसी किसान ने आग लगाई है। जब वह मौके पर पहुंचे तो 16 कनाल जगह पर पराली के अवशेष जले मिले। यह जमीन हुक्मचंद व उनके बेटों पवन कुमार व महेंद्र कुमार के नाम है। सदर पुलिस ने तीनों पिता-पुत्रों पर केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। वहीं लगातार दूसरे दिन भी जिले में पराली जलाने का कोई मामला सामने नहीं आया है। फतेहाबाद में एक्यूआई में सुधार आया है और मंगलवार को एक्यूआई का स्तर 180 आंका गया।