भूना। गांव जांडली खुर्द में लव मैरिज करने वाले युवक के घर में आगजनी मामले में पुलिस ने जिला परिषद सदस्य गगन गोदारा सहित 30 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में जांडली खुर्द निवासी जयकिशन ने बताया कि उसके बालिग लड़के अनिल कुमार व रीतू ने अपनी-अपनी स्वेच्छा से कुछ दिन पहले प्रेम विवाह कर लिया था और दोनों पति-पत्नी के रूप में उनसे दूर रह रहे हैं। मगर रीतू के परिवार वाले खुश नहीं थे। इसलिए लगातार उनके परिवार को जान व माल का नुकसान पहुंचाने की धमकियां देने लग गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि धमकियों से वह बुरी तरह डर गए और गांव छोड़कर परिवार सहित अपनी रिश्तेदारी में चले गए। 29 मार्च को जब वह और उसका परिवार अपने घर जांडली खुर्द में घरेलू सामान लेने के लिए गए तो लड़की के चाचा काला व उसकी पत्नी सुमन तथा करीब 30 लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। बड़े बेटे रोहताश व मेरी पत्नी कृष्णा तथा पुत्रवधू सीमा देवी के साथ मारपीट की, मौके पर पहुंची पुलिस ने हमें बचाया। पुलिस ने सीमा देवी की शिकायत पर 29 मार्च को 14 नामित व 20 नामालूम लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस मामले में आठ लोग गिरफ्तारी के बाद जमानत पर हैं और अन्य की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
जयकिशन ने बताया कि 29 अप्रैल को जांडली खुर्द में हमारे घर के किसी पड़ोसी ने फोन करके सूचना दी कि घर से धुआं निकल रहा है। लड़की पक्ष के लोगों के डर के मारे वह घर नहीं आए और अपने दूसरे परिवार के सदस्यों को मौके पर भेजा। जिन्होंने घर में जाकर देखा तो कमरे में रखे हुए फ्रिज, चारपाई व कपड़े जल गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनके घर में यह आगजनी व चोरी जिला परिषद सदस्य गगन गोदारा की शह पर की गई है। इसके अलावा मुकदमा नंबर 72 में शामिल सभी आरोपियों ने उनके घर में ऊपर लगे जाल से अंदर घुसकर घटना को अंजाम दिया है। एचएसओ संदीप कुमार ने बताया कि 30 लोगों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
मेरा कोई कसूर नहीं, समझौते का किया था प्रयास : गगन
इस संबंध में जिला परिषद सदस्य गगन गोदारा का कहना है कि मेरे खिलाफ यह झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। अनिल कुमार द्वारा गांव की लड़की के साथ प्रेम विवाह किए जाने पर उत्पन्न हुए विवाद को लेकर समझौता करवाने के प्रयास किए थे। चोरी व आगजनी की घटना में मेरा कोई हाथ नहीं है।