फतेहाबाद। जिले के शहरी क्षेत्रों में प्रॉपर्टी आईडी का रिकॉर्ड दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद और नगर पालिकाओं में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। प्रॉपर्टी धारक इन कैंपों में एक सप्ताह के दौरान अपना नाम और मोबाइल फोन नंबर अपडेट करवा सकेंगे।
प्रशासन ने संपत्ति मालिकों से रिकॉर्ड की जांच कर जरूरी संशोधन करवाने की अपील की है। जिन प्रॉपर्टी आईडी में नाम या मोबाइल फोन नंबर दर्ज नहीं हैं अथवा विवरण में कोई त्रुटि है तो संबंधित मालिक नगर परिषद या नगर पालिका कार्यालय में जाकर इसे ठीक करवा सकते हैं।
जिन लोगों ने अभी तक अपनी प्रॉपर्टी का सेल्फ-सर्टिफिकेशन नहीं करवाया है वे कैंप में यह प्रक्रिया भी पूरी करवा सकेंगे। लाल डोरा क्षेत्र में स्थित संपत्तियों के मालिकों को भी पोर्टल पर अपनी प्रॉपर्टी का विवरण अपलोड करवाना होगा।
जिनके पास लाल डोरा प्रमाणपत्र नहीं है वे निर्धारित दस्तावेज संबंधित नगर परिषद या नगर पालिका कार्यालय में जमा करवाकर प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्रशासन के अनुसार रिकॉर्ड अपडेट और प्रमाणित होने से भविष्य में प्रॉपर्टी से जुड़ी सरकारी सेवाओं और कार्यों का लाभ लेने में लोगों को परेशानी नहीं होगी।