अतिक्रमणकारी दुकानदारों का सामान उठाते नगर पालिका कर्मचारी।
रतिया। नगरपालिका ने बुधवार दोपहर बाद शहर के मेन बाजार व टोहाना रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नगरपालिका के कर्मचारियों ने अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया और उनकी वीडियोग्राफी भी की।
एसडीएम जगदीश चंद्र ने बताया कि मेन बाजार व टोहाना रोड पर कुछ दुकानदारों की ओर से दुकानों के आगे कई-कई फुट तक सामान रखकर अतिक्रमण करने की शिकायतों के आधार पर सफाई निरीक्षक ओंकार सिंह व नगर पालिका सफाई कर्मचारी प्रधान अमरीक सिंह, भूप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। इसके बाद टीम ने मेन बाजार व टोहाना रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। साथ ही कुछ दुकानदारों की ओर से बाहर रखे गए सामान को भी जब्त किया। नगरपालिका सफाई निरीक्षक ओंकार सिंह ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है और अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा। अगर दुकानदारों ने फिर भी अतिक्रमण न हटाया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।