फतेहाबाद। नए बस स्टैंड से भूना, नरवाना और चंडीगढ़ जाने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों का मार्ग बदलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। अब ये बसें शहर के पुराने मार्ग से जाने की बजाय गांव धांगड़ फ्लाईओवर से होकर गुजर रही हैं।
रूट परिवर्तन के बाद सेक्टर-3 मोड़ स्थित बस स्टॉप पर खड़े यात्रियों को बस पकड़ने के लिए नए बस स्टैंड या भूना रोड फ्लाईओवर तक जाना पड़ रहा है। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के साथ बाहर से आने वाले लोगों और बुजुर्गों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले भूना, नरवाना और चंडीगढ़ मार्ग की बसें सेक्टर-3 बस स्टॉप वाले निर्धारित रास्ते से गुजरती थीं। इससे यात्रियों को शहर के बीच से ही बस सुविधा मिल जाती थी और उन्हें अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ती थी।
यात्रियों का कहना है कि रूट बदलने से शहर के प्रमुख बस स्टॉप पर बसों का ठहराव खत्म हो गया है। उन्होंने मांग की है कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बसों को पहले वाले मार्ग से संचालित किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।
-
लघु सचिवालय जाने वाले लोगों को होती है परेशानी
जिंदगी संस्था अध्यक्ष हरदीप सिंह, अग्रवाल कॉलोनी निवासी आत्माराम का कहना है कि पहले चंडीगढ़ रूट पर जाने वाली बसें सेक्टर तीन के मोड़ से होकर भूना की ओर जाती थी लेकिन अब रोडवेज बसें नए बस स्टैंड से सीधा गांव धांगड़ के फ्लाईओवर से बाईपास होकर भूना की ओर जा रही है। जिस कारण सेक्टर तीन के मोड पर बने बस स्टॉप पर यात्री खड़े रहते हैं। यात्रियों का सुझाव है कि बसों का यहां नियमित ठहराव सुनिश्चित किया जाए या फिर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रूट की दोबारा समीक्षा की जाए।
सेक्टर तीन के माेड़ पर बना बस स्टॉप शहर के अंदर आता है। जिस कारण बसें बाईपास होकर जाती है। अगर लोगों को दिक्कत आ रही है तो उसे दूर किया जाएगा।
- सुरेंद्र सिंह, यातायात प्रबंधक रोडवेज फतेहाबाद।