हरियाणा रोडवेज के फतेहाबाद डिपो के 25 परिचालक पदोन्नत होकर पिछले दिनों सब-इंस्पेक्टर बन गए हैं। रोडवेज मुख्यालय ने इन सबकी प्रदेश के अन्य जिलों में ड्यूटी लगाई है। इनकी पदोन्नत्ति के बाद अब डिपो में 25 परिचालक के पद रिक्त हैं। यही वजह है कि यहां से चंडीगढ़, दिल्ली और गुड़गांव के 5 रूट रोडवेज को बंद करने पड़े हैं। कंडक्टर के पद खाली होने के कारण दिल्ली और चंडीगढ़ की बसों की सर्विस नहीं मिलने से यात्री परेशान है। वहीं दिल्ली और चंडीगढ़ रूट पर जाने के लिए यात्रियों को हिसार से बस की सुविधा लेनी पड़ती है। ज्यादातर सुबह जाने वाली बसों की सर्विस बंद हुई है।
मई में 14 और जून में 11 कंडक्टर का हुआ प्रमोशन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज में मई महीने में 14 और जून माह में 11 कंडक्टर के प्रमोशन के बाद सब इंस्पेक्टर बन गए। इससे जहां एक ओर दिल्ली के दो रूट बंद हुए है, वहीं चंडीगढ़ का एक रूट बंद हो चुका है। इसके साथ ही सुबह गुरुग्राम जाने वाली एक बस भी बंद हो चुकी है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
हिसार से चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए बस पकड़ने को मजबूर यात्री
फतेहाबाद से भी काफी यात्री दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए सफर करते है लेकिन उन्हें सुबह के समय दोनों ही रूट पर बसों की सर्विस कम मिल रही है। ऐसे में उन्हें कई बार हिसार जाकर चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए बस पकड़नी पड़ती है। यात्रियों ने फिर से दोनों रूट पर बसें चलाने की मांग की है।
कंडक्टर की कमी के कारण ये रूट हुए बंद
- सुबह 5 बजे- फतेहाबाद से हिसार होकर दिल्ली जाने वाली बस
- सबुह साढ़े 6 बजे - फतेहाबाद से हिसार होकर दिल्ली जाने वाली बस
- सुबह 7 बजे फतेहाबाद से हिसार होकर गुरुग्राम जाने वाली बस
- सुबह 8 बजे फतेहाबाद से हिसार, कैथल होकर चंडीगढ़ जाने वाली बस
कोट्स
कंडक्टर के पद खाली है। दो माह के अंदर 25 परिचालक सब इंस्पेक्टर बन चुके है। इसी कारण चंडीगढ़ ओर दिल्ली के कई रूट बंद करने पड़ गए।
- जसवंत सिंह, इंचार्ज, बस स्टैंड, फतेहाबाद।