गांव अयालकी के पास रविवार सुबह नौ बजे डेरा सच्चा सौदा श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलटने से करीब 30 लोग घायल हो गए। हादसा बस का टायर फटने से हुआ। घायलों में महिलाएं एवं छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से तकरीबन आधा दर्जन लोगों को गंभीर अवस्था के चलते सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बस में सवार यात्रियों की मानें तो अचानक टायर फटने के चलते बस अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी घायल रतिया से सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में आयोजित सत्संग समारोह में हिस्सा लेने जा रहे थे। बस में करीब 40 से 45 सवारियां थी। इसमें 30 को चोटें आई हैं। हादसे में 10 के करीब लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं।
श्रद्घालुओं के अनुसार डेरा सच्चा सौदा जाने के लिए रतिया सत्संग घर से बस चली थी। बस फतेहाबाद से कुछ दूरी पर स्थित गांव अयाल्की के पास पहुंची और इसी दौरान ये हादसा हो गया। बस के पलटते ही स्टेट हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में आसपास के लोग तथा घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस, और डेरा सच्चा सौदा के स्थानीय पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को एंबुलेंस एवं निजी वाहनों से अस्पताल ले गए।
ये हुए घायल:
घायलों में सुनीता (35)निवासी मुक्तसर, मूर्तिरानी (50) निवासी मुक्तसर,मीना (20)निवासी रतिया, वभीरांबाई निवासी रतिया, दर्शना (42)निवासी रतिया, सुषमा निवासी रतिया, सुखपाल (45)निवासी रतिया, सुक्खा सिंह (40) निवासी रतिया, चमेली (55)निवासी रतिया, सुनहरी निवासी रतिया, मूर्तिबाई (60)निवासी मलोट, रिंकू (35)निवासी रतिया, नारायणी देवी (40) निवासी रतिया, सोनल (35)निवासी जींद, साक्षी (21)निवासी रतिया, ओमप्रकाश (45) निवासी रतिया, जसबीर कौर (12)निवासी रतिया, गगनदीप (2) निवासी बुढ़लाढा, बलजीत (35) निवासी रतिया, उषा (57)निवासी रतिया, अंशुला (10) निवासी रतिया, सुभाष (60) निवासी रतिया, शोभा (45) निवासी रतिया, बूटा सिंह (32)निवासी रतिया, कैप्टन(50) निवासी रतिया, मनोज (40)निवासी टिब्बा कालोनी रतिया, अनु (40)निवासी रतिया एवं महेंद्र निवासी मुंशीवाली शामिल हैं।
इनकी हालत नाजुक:
घायलों में दर्शना निवासी रतिया, सुखपाल कौर निवासी रतिया, सुक्खाबाई निवासी रतिया, चमेली निवासी रतिया, सोनल निवासी जींद, साक्षी निवासी रतिया, जसबीर कौर निवासी रतिया, बलजीत निवासी रतिया की हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। इसके अलावा दूसरे घायलों को डेरा के पदाधिकारी प्राथमिक उपचार के बाद डेरा सच्चा सौदा सिरसा के अस्पताल में ले गए।
नहीं पहुंचा कोई प्रशासनिक अधिकारी:
रविवार सुबह टायर फटने से पलटी श्रद्घालुओं की बस में घायलों का हालचाल पूछने के लिए प्रशासन की तरफ से कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। यहां तक कि घटना के काफी देर तक पुलिस भी नहीं पहुंची। जब तक अस्पताल में घायलों का उपचार चला तब तक प्रशासन की तरफ से कोई भी अधिकारी घटना के बारे में जानकारी लेने के लिए नहीं पहुंचा।
स्कूल बस में जा रहे थे श्रद्घालु:
गांव अयालकी में जिस बस में हादसा हुआ है। वह स्कूल बस है। श्रद्घालुओं ने बताया कि वह हर सत्संग पर इसी स्कूल बस में डेरे में जाते हैं। श्रद्घालु बूटासिंह के अनुसार बस को बीरबल नाम का चालक चला रहा था। उसको चोटें नहीं आई हैं।