फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुग्गी में एटीएम उठाकर ले गए चोर

Wed, 24 Dec 2014 12:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
गांव गोरखपुर के मुख्य बस स्टैंड से चोर टाटा कंपनी का इंडीकेश एटीएम बुग्गी में उठाकर ले गए। एटीएम में करीब 1.87 लाख रुपये का कैश बताया जा रहा है। एटीएम ले जाने से पहले चोरों ने बुग्गी भी चोरी की।
विज्ञापन

सोमवार देर रात चोरों ने धुंध का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। एटीएम चोरी की सूचना मिलते ही डीएसपी विजय कक्कड़, भूना थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह और सीन ऑफ क्राइम के डॉ. जोगिंद्र ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। एटीएम में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन उनकी केबल कटी हुई थी। एटीएम में सुरक्षा के लिए कोई गार्ड तैनात नहीं था। टाटा कम्यूनिकेशन कंपनी के एटीएम अधिकारी प्रवीन कुमार की शिकायत पर भूना पुलिस ने एटीएम चोरी का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर के मुख्य बस स्टैंड पर छह माह पहले टाटा इंडीकेश प्राइवेट कंपनी ने गोरखपुर के लोगों की सुविधा के लिए एटीएम सेवा शुरू की थी। सोमवार देर रात चोरों ने धुंध का फायदा उठाकर एटीएम के नजदीक से किसान पृथ्वी नैन की बुग्गी चुरा ली। इसके बाद चोरों ने एटीएम के पास वाली दुकान का शटर बाहर से तार से बांध दिया ताकि कोई दुकान से बाहर न आ जाए। दुकान से एटीएम उखाड़कर बुग्गी में रखकर चोर सिद्ध मुख नहर तक ले गए। पुलिस का कहना है कि चोर वहां से एटीएम को अन्य वाहन में लादकर ले गए होंगे।
विज्ञापन

मौके पर पहुंचे किसान पृथ्वी सिंह ने बताया कि सुबह जब वह उठा तो उसकी बुग्गी गायब मिली। बुग्गी का पीछे का फट्टा एटीएम के आगे पड़ा था। इसके बाद उसने अंदर देखा तो एटीएम नहीं था। जांच में बुग्गी नहर की पटरी के पास पड़ी मिली है। गांव गोरखपुर में टाटा कम्यूनिकेशन का एटीएम केंद्र 5 सितंबर 2014 को स्थापित किया गया था। पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासी सुभाष शर्मा की दुकान को किराए पर लेकर कंपनी ने एटीएम लगाया था। पुलिस के अनुसार एटीएम को उचित तरीके से किसी प्लेटफार्म पर स्थापित नहीं किया था। एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे के तार कटे थे। मालूम हो कि फतेहाबाद के डीएसपी रोड पर 24 जून 2014 की रात को भी चोर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम उखाड़ कर ले गए थे। एटीएम मशीन काफी दिनों बाद सिरसा के एक नहर में मिली थी, चोरों का आज तक पता नहीं चल पाया।

बगल वाली दुकान का शटर बांधा था तार से
दुकानदार साइकिल मैकेनिक मुकेंद्र का कहना है कि वह सोमवार रात को अपनी दुकान में नही था। सुबह आकर देखा तो दुकान का शटर के आगे तार बंधा हुआ था। चोरों को शक हुआ होगा कि कोई अंदर न हो। इस कारण उन्होंने शटर को बाहर से बांध दिया होगा। सबसे पहले उसने ही देखा कि बुगी रेहड़ी का फट्टा एटीएम कक्ष के आगे क्यों पड़ा है। इसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद सुबह 11 बजे के करीब एटीएम मैकेनिक दाना राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नेट पर एटीएम खराब होने की सूचना आ रही थी। इस कारण वह मौके पर पहुंचा तो एटीएम गायब मिला और पुलिस एटीएम कक्ष को बंद करके जा चुकी थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को एटीएम में 1.87 लाख  डाले थे।
 
एक्सिस बैंक करता है ऑपरेट
एक्सिस बैंक टाटा कम्यूनिकेशन के मार्फत इस एटीएम को ऑपरेट करता है। इसी बैंक के नुमाइंदे इसमें कैश अपलोड करवाते हैं। एटीएम में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। कंपनी को ही सुरक्षा से लेकर कैश डलवाने का ठेका दिया हुआ है। एटीएम लगाते समय भी प्लेटफार्म नहीं बनाया गया था। बिना किसी प्लेटफार्म और नटबोल्ट के एटीएम लगाया हुआ था।

फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम पहुंची
सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक लैब की टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। टीम ने शीशे और आसपास की चीजों पर साक्ष्य ढूंढने का प्रयास किया। टीम का कहना है कि चोर जितना भी शातिर हो कोई न कोई सबूत तो छोड़ ही जाता है। टीम ने साक्ष्य जुटाएं है और इनकी लैब के अंदर जांच होगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें