फतेहाबाद। लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला विकास एवं निगरानी समिति (डीडीएमसी) की बैठक की अध्यक
फतेहाबाद। जिला विकास एवं निगरानी समिति की बैठक कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी की अध्यक्षता में शनिवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। इस बैठक में जिला विकास योजना के तहत वर्ष 2026-27 में करवाए जाने वाले विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई। पिछले साल के मुकाबले इस बार एक करोड़ 56 लाख 91 हजार रुपये की कटौती की गई है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि जिले में इस वर्ष डीडीएमसी के तहत विभिन्न विकास कार्यों पर 13 करोड़ 29 लाख 41 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें सामान्य वर्ग के विकास कार्यों के लिए 7 करोड़ 40 लाख 89 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ 88 लाख 52 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में 10 करोड़ 33 लाख 50 हजार रुपये तथा शहरी क्षेत्रों में 2 करोड़ 95 लाख 91 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा वित्त वर्ष 2025-26 के तहत जिला विकास योजना के लिए 14 करोड़ 86 लाख 32 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। इसमें से 8 करोड़ 91 लाख 79 हजार रुपये सामान्य वर्ग तथा 5 करोड़ 94 लाख 53 हजार रुपये अनुसूचित जाति वर्ग के विकास कार्यों के लिए निर्धारित किए गए थे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्वीकृत विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि किसी प्रकार की ग्रांट लैप्स न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर टोहाना के विधायक परमवीर सिंह, रतिया के विधायक जरनैल सिंह, डीसी डॉ. विवेक भारती, एडीसी अनुराग ढालिया आदि उपस्थित रहे।