रतिया। शहर में पारिवारिक विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपने जीजा पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने बाइक व कार को भी तोड़ दिया। हमले के बाद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाकर जश्न भी मनाया।
पुलिस को दिए बयान में वार्ड नंबर 15 निवासी पवन कुमार ने बताया कि उसकी कुछ लोगों के साथ रंजिश चल रही थी। वह रात करीब साढ़े 12 बजे पत्नी, दोनों भतीजों और 4 साल की छोटी बेटी माहिरा को लेकर दादी के घर जा रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने पवन के घर पर धावा बोला और रेनॉल्ट डस्टर कार व बाइक तोड़ दी। परिवार लुहारी चौक के पास पहुंचा तो तीन बाइक पर सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
हमलावरों ने पवन कुमार को घेरकर उनके सिर, हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। पवन ने बताया कि हमले के वक्त बेटी माहिरा मेरी गोद में थी। मैंने किसी तरह उसे अपने पैरों के बीच छिपाकर उसकी जान बचाई। इस हमले में बीच-बचाव करने आए पवन के दोनों भतीजों को भी गंभीर चोटें आईं और आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
आरोप है कि हमलावर उसका मोबाइल फोन भी छीन ले गए। घायल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। रतिया सिटी पुलिस ने घायल पवन कुमार की शिकायत आरोपी साले अनमोल, विक्रम, अर्पण, राहुल, महावीर व एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।