कार पेड़ से टकराई, सगे बहन-भाई की मौत
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अपनी मां की अस्थियां हरिद्वार में गंगा में विसर्जित सिरसा लौट रहे परिवार की कार फतेहाबाद के भूना क्षेत्र में ढाणी गोपाल चौक के पास चालक को नींद की झपकी आने के कारण पेड़ से टकरा गई। कार की गति अधिक होने के कारण पेड़ से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस भीषण टक्कर में सगे बहन-भाई की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में 57 वर्षीय बजरंग दास व 36 वर्षीय बबली देवी शामिल हैं। इसके अलावा घायल 22 वर्षीय शिवा व 40 वर्षीय राकेश कुमार को पहले सीएचसी भूना भेजा गया। जहां से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिरसा के गोशाला रोड निवासी वृद्ध महिला बिरमा देवी टाक के निधन के बाद उनके बेटे बजरंग दास व बेटी बबली देवी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शुक्रवार को अस्थियां गंगा में विसर्जित करने गए थे। वे शनिवार सुबह वापस सिरसा के लिए चले थे। मगर ढाणी गोपाल चौक पर तेज रफ्तार के कारण कार पेड़ से टकरा गई।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस एवं पुलिस को जानकारी दी। एंबुलेंस लेकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार से घायलों को निकालकर सीएचसी भूना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में बबली को मृत घोषित कर दिया जबकि शिवा, बजरंग दास तथा राकेश को अग्रोहा रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान बजरंग दास ने भी दम तोड़ दिया।
कार को शिवा चला रहा था, बबली अगली सीट पर बैठी थी
कार को शिवा चला रहा था और बबली अगली सीट पर बैठी हुई थी। कार की पिछली सीट पर बबली का पति राकेश कुमार व भाई बजरंग दास बैठे हुए थे। भूना के गांव ढाणी गोपाल चौक के नजदीक शिवा को झपकी आ गई। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। राकेश व शिवा की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जांच अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार कार चालक को झपकी आने से हादसा होना प्रतीत हुआ है। हादसे में महिला बबली और बजरंग दास की मौत हो गई है जबकि दो घायल हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
-अनूप कुमार, एसएचओ, भूना थाना