फतेहाबाद। नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को एसीबी की टीम ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर हिमांशु को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। इस मामले में टीम ने आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड खत्म होने बाद पुलिस ने आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर से एसीबी की पूछताछ में नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और जेई के नाम सामने आ चुके हैं। इनके बारे में पूछताछ के लिए एसीबी ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया था। इस दौरान पूछताछ में एक पार्षद की भूमिका भी एसीबी को मिली है। एसीबी अब आरोपी के मोबाइल पर हुई चैट की जांच करवाएगी।
वहीं बताया जा रहा है मोबाइल पर हुई चैट से लेनदेन की परतें खुल सकती हैं। वहीं इस मामले के बाद नगर परिषद कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों में भी खलबली मची हुई है।
-
बिल पास करवाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप
एसीबी सिरसा की टीम ने वीरवार शाम को कर्मचारी हिमांशु को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। मामले में ठेकेदार गांव हंसगा निवासी सत्यनारायण ने आरोप लगाया था कि सेक्टर तीन में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया था। इस कार्य का बिल पास करवाने के नाम पर उससे रिश्वत मांगी गई है।
-
आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में जिन अन्य लोगों के नाम सामने आए है इसकी जांच जारी रहेगी। मोबाइल फोन पर हुई चैटिंग की भी जांच की जाएगी।
- जुगल किशोर, डीएसपी, एसीबी