फतेहाबाद के भूना मोड पर हमले में क्षतिग्रस्त हुए मोटरसाइकिल स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। भूना मोड़ के पास शुक्रवार देर रात पैसों के लेन-देन के विवाद में दो पक्षों में पथराव हुआ। एक पक्ष ने दूसरे पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है जबकि चार जान बचाकर भाग निकले लेकिन हमलावरों ने मौके पर खड़े दो बाइकों को तोड़ दिया।
हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। 15 से 20 युवकों का झुंड सड़क किनारे खड़े बाइक पर डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं। शहर थाना प्रभारी संजय मोरवाल का कहना है कि घायल हैप्पी के बयान पर 8 नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। हमलावर अशोकनगर के रहने वाले हैं।
वहीं पूरी वारदात कैमरे कैद हो गई है। इस हमले में हैप्पी नाम युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने हैप्पी की टांग पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल हैप्पी को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर काफी देर तक हंगामा किया। घायल के साथी बरसीन निवासी रिपन मेहता (हाल निवासी आरके कॉलोनी) ने बताया कि वह अपने साथी हैप्पी और 3 अन्य दोस्तों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर हिसार रोड की तरफ से आ रहा था। जैसे ही वे भूना मोड़ के सामने पहुंचे तो कई युवकों ने उन पर हमला बोल दिया।
रिपन के अनुसार हमलावरों ने उसके साथ हाथापाई की जिसमें उसका आईफोन टूट गया और उसके साथी हैप्पी को बेरहमी से पीटकर उसकी टांग तोड़ दी। आरोप है कि इसके बाद हमलावर रिपन का पीछा करते हुए सुंदर नगर स्थित उसके ससुराल के घर तक जा पहुंचे और वहां जमकर हंगामा करते हुए हल्का पथराव भी किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग गए।