फतेहाबाद के एमएम कॉलेज स्थित द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब में ट्रायल देने पहुंचे खिलाड़ी।
फतेहाबाद। खेल विभाग ने खेल नर्सरी खोलने के बाद इनमें जल्द से जल्द प्रशिक्षण शुरू करवाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। खेल नर्सरी के संचालक भी प्रशिक्षण की शुरुआत के लिए गंभीरता दिखा रहे हैं।
खेल निदेशालय ने 20 जून तक सभी खेल नर्सरियों में प्रशिक्षण शुरू करवाने की हिदायत जारी की है। इसी कड़ी में शहर के एमएम कॉलेज स्थित द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब में लड़के व लड़कियों के लिए बॉक्सिंग खेल नर्सरी मंजूर की गई। नर्सरी में खिलाड़ियों के दाखिले के लिए शनिवार को ट्रायल करवाए गए। इस ट्रायल में 50 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब के प्रशिक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मुख्यालय की ओर से खेल नर्सरी की मंजूरी मिली है। खेल नर्सरी जल्द से जल्द शुरू हो, इसके लिए ट्रायल करवाए गए हैं। ट्रायल में 50 खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह खेल नर्सरी लड़के व लड़कियों दोनों के लिए हैं। ट्रायल देने आए 50 बच्चों में 10 लड़कियां भी शामिल रही हैं। खेल विभाग द्वारा जारी किए गए निर्देशाें के अनुसार उनके द्वारा कुल 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन खिलाड़ियों की आयु 8 से 19 साल तक होनी चाहिए। 25 खिलाड़ियों के अलावा 10 खिलाड़ियों का नाम प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि खेल मुख्यालय की ओर से इन 25 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए मानदेय भी दिया जाएगा। 8 से 14 साल तक आयु वर्ग के खिलाड़ियों को पंद्रह सौ रुपये महीना जबकि 14 से 19 साल तक आयु वर्ग के खिलाड़ियों को दो हजार रुपये महीना प्रदेश सरकार द्वारा दिए जाएंगे। वहीं, प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षक को 20 से 25 हजार रुपये तक की राशि दी जाएगी।
समय-समय पर होगी खेल नर्सरियों की चेकिंग
जिला खेल अधिकारी राजबाला ने बताया कि समय-समय पर इन खेल नर्सरियों की चेकिंग की जाएगी। अगर किसी प्रकार की कमी पाई जाएगी तो मुख्यालय को इस बारे में अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर मौके पर प्रशिक्षक मौजूद नहीं पाया जाता है या जिन खिलाड़ियों की सूची विभाग को उपलब्ध करवाई गई है, वे खिलाड़ी भी नहीं मिलते हैं तो उस खेल नर्सरी को बंद भी किया जा सकता है। जो ट्रायल लिए गए हैं, उन खिलाड़ियों का चयन करने के बाद इन सभी खिलाड़ियों के दस्तावेज जमा करवाने होंगे ताकि सरकार के द्वारा दी जाने वाली राशि इन खिलाड़ियों को दी जा सके।