हरियाणा के फतेहाबाद में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा गांव अहरवां में वीरवार सुबह हुआ है। बठिंडा पाइपलाइन पर तैनात सुरक्षाकर्मी की मौत हुई है।
फतेहाबाद के गांव अहरवां में माइनर के पुल पर बनी दीवार से बोलेरो गाड़ी टकरा गई। टक्कर लगने से बठिंडा पाइपलाइन पर तैनात सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव हड़ोली निवासी 55 वर्षीय गुरनाम सिंह की के तौर पर हुई है। वहीं गाड़ी में सवार दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि हादसा पशुओं को बचाने के चक्कर में हुआ है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक बठिंडा जा रही पाइपलाइन की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी गुरनाम सिंह और प्रगट सिंह वीरवार सुबह ड्यूटी पर तैनात थे। सुरक्षकर्मी प्रगट सिंह ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे रतिया की तरफ जा रहे थे। गांव अहरवां के पास अचानक पशुओं का झुंड सड़क पर आ गया, उन्हें बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और माइनर के पुल पर बनी दीवार से टकरा गई।
गाड़ी चला रहे गांव हड़ौली निवासी गुरनाम सिंह घायल हो गया। जिसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां से रेफर कर दिया गया। उपचार के लिए निजी अस्पताल लाया गया यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।