फतेहाबाद। गांव खासा महाजन में दोस्त को मिलने आए 22 वर्षीय युवक सुनील का शव 9 दिन बाद ऐलनाबाद क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ है। युवक 15 फरवरी को हिसार के गांव जुगलान से आया था। युवक के गांव चौबारा निवासी मामा की शिकायत पर पुलिस ने 17 फरवरी को उसकी गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार जुगलान निवासी युवक सुनील 15 फरवरी को अपने दोस्त प्रदीप से मिलने बाइक पर गांव खासा महाजन आया था। दोस्त से मिलने के बाद उसने अपने मामा गांव चौबारा निवासी रमेश को बताया कि वह उनके पास आ रहा है, लेकिन काफी देर तक वह उनके पास नहीं पहुंचा। 17 फरवरी को दर्ज कराई गुमशुदगी रिपोर्ट में रमेश ने बताया कि जब युवक घर नहीं आया तो वे पड़ताल में निकले। उसका बाइक व कपड़े सिद्धमुख नहर गोरखपुर के पास पड़े मिले। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया व पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार शाम को युवक का शव ऐलनाबाद क्षेत्र में माइनर से बरामद हुआ और उसकी शिनाख्त सुनील के रूप में हुई है।